के मतदान के बाद भाजपा बाड़ेबंदी में जुट गई। शुक्रवार शाम मतदान पूरा ही सभी 80 प्रत्याशियों के फोन घनघनाने लगे। सभी उम्मीदवारों को सतर्क रहने और एक साथ बैठकर आगे की रणनीति तय करने के निर्देश दिए गए। अंतिम गणना के बाद मतदान का आंकड़ा लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंचने से भाजपा में उम्मीदें और आशंकाएं जाग उठीं। पदाधिकारी इस बार भी अपने बोर्ड को लेकर आश्वस्त नजर आए। बाड़ेबंदी की तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। इसके तहत सभी प्रत्याशियों को मुस्तैद रहने का संदेश भेजा गया। देर रात तक सभी प्रत्याशी शोभागपुरा में भाजपा नेता नानालाल वया के होटल हिस्टोरिया रॉयल पहुंचने लगे। वहां भाजपा नेताओं और प्रत्याशियों का मेला सा लग गया। अभी गुप्त जगह रखेंगे, चुनाव परिणाम बाद रिसॉर्ट में शिफ्ट करेंगे पार्टी सूत्रों के अनुसार फिलहाल प्रत्याशियों को आसपास ही किसी गुप्त जगह रखेंगे। इन्हें 14 सितंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद दूर के किसी रिसॉर्ट में शिफ्ट कर सकते हैं। रात 9:30 बजे तक कई प्रत्याशी होटल नहीं पहुंचे थे। किसी को फोन करके तो किसी को प्रतिनिधि भेजकर एकत्र करने का प्रयास किया गया। कुछ ने आनाकानी की, तो कई आसानी से पहुंच गए। सबको समझाया जा रहा था कि उन्हें ज्यादा दूर नहीं ले जा रहे, ताकि समय रहते सभी की रवानगी तय की जा सके। दूसरी ओर, मतदान प्रतिशत में बढ़त ने कांग्रेस में भी नई उम्मीद जगा दी है। माना जा रहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी भी शनिवार को किसी भी समय शहर से बाहर भेजे जा सकते हैं। हालांकि पार्टी ने पत्ते नहीं खोले हैं। पहुंचते गए पार्षद, लगती रही हाजिरी देर रात होटल में जैसे-जैसे पार्षद पहुंचते गए, उन्हें ऊपर हॉल में बैठाया गया और सभी की बारी-बारी से हाजिरी ली गई। जानकारी के अनुसार महिला पार्षदों के साथ में उनका परिवार है। वहीं पुरुष प्रत्याशी सभी अकेले पहुंचे हैं। यहां शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौर, प्रत्याशी पारस सिंघवी, दिनेश भट्‌ट, यशवंत आंचलिया सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंच चुके थे।