भरतपुर में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की पोस्ट वायरल हो रही हैं। इन पोस्ट में भौंडा गांव की महिलाओं और बच्चों को परेशान करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इस पर भरतपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हत्याकांड के मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। भ्रामक पोस्ट पर पुलिस की नजर एडिशनल एसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड के संबंध में भौंडा गांव की महिलाओं और बच्चों को परेशान करने को लेकर पोस्ट की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही इन पोस्ट में सच्चाई नहीं है और किसी को परेशान नहीं किया जा रहा है। यादव ने कहा कि पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई कर रही है। लोगों को ऐसी भ्रामक खबरों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। लीज के रास्ते को लेकर चल रहा था विवाद दरअसल, भौंडा गांव के खनन क्षेत्र में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना लीज में पार्टनर थे। पिछले दो साल से लीज तक जाने वाले रास्ते को लेकर ग्रामीणों और भड़ाना के बीच विवाद चल रहा था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कई बार झड़प हुई और एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज करवाए गए। 11 अक्टूबर की रात लीज पर हुआ हमला 11 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे ग्रामीणों ने अतर सिंह भड़ाना की लीज पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले पथराव किया गया और फिर लीज स्थित कार्यालय से भड़ाना को बाहर निकालकर लाठियों से बुरी तरह पीटा गया। गंभीर हालत में उन्हें जयपुर ले जाया गया, जहां रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।