दिल्ली पुलिस के एसीपी विवेक भगत को एडिशनल डीसीपी के पद पर पदोन्नत कर दिया गया है। यह प्रमोशन ऐसे समय में हुआ है जब 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान उन पर एक तथाकथित महिला पत्रकार के साथ छेड़खानी का आरोप लगा था। आरोपों को लेकर विवाद अभी थमा भी नहीं था कि उनके नाम का प्रमोशन आदेश जारी हो गया। विभागीय आदेश के तहत उन्हें एसीपी से एडिशनल डीसीपी बनाया गया है। उनके साथ 11 अन्य अधिकारियों को भी प्रमोट किया गया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… सुप्रीम कोर्ट में तीन नए जजों की नियुक्ति, जजों की संख्या 37 होगी केंद्र सरकार ने सोमवार को तीन हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त करने की अधिसूचना जारी कर दी। नियुक्त किए गए जजों में गुजरात हाई कोर्ट की चीफ जस्टिस सुनीता अग्रवाल, दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अपरेश कुमार सिंह शामिल हैं। इन नियुक्तियों की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 सितंबर को की थी। कॉलेजियम की अध्यक्षता मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने की थी। कॉलेजियम ने कहा था कि इन नियुक्तियों से सुप्रीम कोर्ट को मजबूती मिलेगी। सुप्रीम कोर्ट में जजों की स्वीकृत संख्या 38 है। फिलहाल अदालत में 34 जज कार्यरत हैं। तीनों नए जजों के शपथ लेने के बाद कार्यरत जजों की संख्या बढ़कर 37 हो जाएगी। मुंबई फिल्म सिटी में शूटिंग के लिए बने अस्थायी सेट पर आग लगी, कोई हताहत नहीं मुंबई के गोरेगांव की फिल्म सिटी में शूटिंग के लिए बने एक अस्थायी सेट पर सोमवार शाम आग लग गई। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग लगने की सूचना शाम 4:02 बजे मिली। आग रिलायंस मीडियावर्क्स के पास सेट पर लगी।आग से वायरिंग, बिजली के उपकरण,दरवाजे, लकड़ी के तख्ते, एसी यूनिट, बांस और प्लास्टिक का सामान, साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़ा बाकी सामान जल गया।फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और शाम 4:55 बजे तक आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। एयर इंडिया एक्सप्रेस का अब तक का सबसे बड़ा विंटर शेड्यूल, कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए रोज 585 फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी एयर इंडिया एक्सप्रेस 25 अक्टूबर से अपना अब तक का सबसे बड़ा विंटर शेड्यूल शुरू करेगी। एयरलाइन रोज करीब 585 उड़ानें चलाएगी, जो अभी की करीब 500 उड़ानों से 17% ज्यादा होंगी। इस दौरान घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 40 से ज्यादा नए रूट शुरू किए जाएंगे। वीकली फ्लाइट्स की संख्या करीब 3,150 से बढ़कर 4,100 और कुल रूट करीब 180 से बढ़कर 220 हो जाएंगे। यह सर्विस 105 से ज्यादा विमानों के बेड़े के साथ कई चरणों में शुरू की जाएगी। मुंबई के BEST बस डिपो में आग लगी, बुझाने के लिए दमकलें मौके पर पहुंचीं
मुंबई में बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के अनिक बस डिपो में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। BEST के प्रवक्ता ने बताया कि आग शाम 5:45 बजे अनिक डिपो यार्ड में लगी और इसमें एक कतार में खड़ी कुछ CNG बसें चपेट में आ गईं। घटना के चश्मदीदों ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल पर धमाकों की आवाज सुनी और दूर से ही घना काला धुआं दिखाई दे रहा था। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। अवैध प्रवासियों को लेकर भारतीय वायुसेना का विमान श्रीनगर से बागडोगरा के लिए रवाना; इसमें 150 बांग्लादेशी जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सोमवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे 150 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजा जा रहा है। श्रीनगर पुलिस ने बताया कि उन्हें भारतीय वायु सेना के एक विशेष विमान से बागडोगरा ले जाया गया, जहां उन्हें सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को सौंप दिया गया। 7 अक्टूबर को 150 बांग्लादेशियों का एक और जत्था वापस भेजा जाएगा। ममता के वकील ने अस्पताल को नोटिस भेजा, 2021 के मेडिकल रिकॉर्ड सार्वजनिक करने का मामला पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के वकील ने सोमवार को सरकारी SSKM अस्पताल और बांगुर इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंसेज को कानूनी नोटिस भेजा। यह नोटिस 2021 के उनके मेडिकल रिकॉर्ड को बिना इजाजत सार्वजनिक करने के आरोपों को लेकर भेजा गया है। सीएम सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि 2021 में नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री को लगी पैर की चोट नकली थी। दिल्ली दंगा मामला: हाईकोर्ट ने नेताओं के खिलाफ FIR की मांग वाली 15 याचिकाएं खारिज कीं दिल्ली हाईकोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े हेट स्पीच के मामले में राजनीतिक नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने और SIT जांच की मांग वाली सभी 15 याचिकाएं खारिज कर दीं। याचिकाएं 2020 के दंगों के बाद दाखिल की गई थीं। एक याचिका में BJP नेताओं कपिल मिश्रा, अनुराग ठाकुर, प्रवेश वर्मा और अभय वर्मा के खिलाफ FIR की मांग की गई थी। आरोप था कि उनके भाषणों ने हिंसा भड़काने में भूमिका निभाई। एक अन्य याचिका में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा, AAP नेताओं मनीष सिसोदिया और अमानतुल्लाह खान, AIMIM प्रमुख अकबरुद्दीन ओवैसी और पूर्व विधायक वारिस पठान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। 24 फरवरी 2020 को CAA और NRC के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सांप्रदायिक हिंसा शुरू हुई थी। इसमें कम से कम 53 लोगों की मौत और करीब 700 लोग घायल हुए थे। महाराष्ट्र के लातूर में इलेक्ट्रिकल दुकान में आग, फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची महाराष्ट्र के लातूर शहर के गांधी मार्केट इलाके में रविवार रात एक इलेक्ट्रिकल दुकान में आग लग गई। आग करीब रात 10:30 बजे लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। ओडिशा में BJD नेता पर हमले का आरोप, 3 गाड़ियां तोड़ीं; प्रनब बलबंतराय बोले- हथियारों से लैस 40-50 लोगों ने हमला किया ओडिशा के जाजपुर जिले में BJD नेता प्रनब बलबंतराय ने आरोप लगाया कि जनसंपर्क पदयात्रा के दौरान उन पर और उनके समर्थकों पर हमला किया गया। उनके मुताबिक, हमलावरों के पास तलवार, कुल्हाड़ी और दूसरे हथियार थे। उन्होंने हमले का आरोप BJP और धर्मशाला के निर्दलीय विधायक हिमांशु शेखर साहू के समर्थकों पर लगाया। बलबंतराय ने कहा कि हमले में 3 गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे जेनापुर थाना क्षेत्र की मधुपुरगढ़ ग्राम पंचायत में हुई। बलबंतराय ने बाद में जाजपुर एसपी को शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की। एसपी यश प्रताप श्रीमाल ने कहा कि अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है। BJP ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि BJD नेता झूठे आरोप लगा रहे हैं। घटना के बाद BJD नेताओं और कार्यकर्ताओं ने SP ऑफिस के बाहर प्रदर्शन भी किया। BJD ने पुलिस से CCTV फुटेज, मोबाइल वीडियो, तस्वीरों और पुलिस रिकॉर्ड की जांच करने की मांग की है। 2024 के विधानसभा चुनाव में धर्मशाला सीट से निर्दलीय हिमांशु शेखर साहू ने बलबंतराय को 4,150 वोटों से हराया था। साहू बाद में सत्तारूढ़ BJP का समर्थन करने लगे।