भीलवाड़ा में सरकारी टीचर कालूराम मीणा (28) ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। वे गंगापुर (भीलवाड़ा) क्षेत्र के सरकारी स्कूल में पोस्टेड थे। टीचर का एक साल पहले तलाक हुआ था। मामला गंगापुर इलाके का मंगलवार सुबह करीब 11 बजे का है। थाना प्रभारी पूरण मीणा ने बताया- टोंक के रहने वाले कालूराम मीणा गंगापुर कस्बे के वार्ड नंबर 5 में सुरेश सुवलका के मकान में किराए से रहते थे। कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने मकान मालिक को सूचना दी। पुलिस ने कमरे का गेट तोड़ा तो टीचर का शव फंदे पर लटका मिला। दो महीने पहले हुई थी पोस्टिंग कालूराम की दो महीने पहले 18 अगस्त 2026 को गंगापुर की उल्लाई पंचायत के रूपारेल कस्बे के सरकारी स्कूल में पोस्टिंग हुई थी। शनिवार को वे आखिरी बार स्कूल गए थे। रविवार को छुट्‌टी थी, इसके बाद सोमवार को स्कूल नहीं गए। एक साल पहले हुआ था तलाक जानकारी के अनुसार, कालूराम मीणा चार भाइयों में सबसे छोटे थे। रविवार सुबह बड़े भाई से फोन पर बात हुई थी। बॉडी करीब दो दिन पुरानी होने की आशंका है। संभवतया: भाई से बात करने के बाद ही टीचर ने सुसाइड कर लिया था। टीचर का एक साल पहले आपसी अनबन के चलते तलाक हुआ था। सुसाइड के कारणों की जांच में जुटी पुलिस थाना प्रभारी पूरण मीणा ने बताया- टीचर ने किन कारणों से सुसाइड किया, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। परिजनों के आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।