भीलवाड़ा में कल पहले चरण के तहत नगर निगम और बीगोद नगर पालिका के लिए मतदान होगा। नगरीय निकाय चुनाव में जिले के मतदाता बुधवार यानी 9 सितंबर को अपने वार्ड के प्रत्याशियों के लिए वोट डालेंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। जिले के बाकी 9 निकायों में 11 सितंबर को मतदान होगा। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। 11 निकायों में 4.45 लाख मतदाता 1203 प्रत्याशियों की किस्मत तय करेंगे। इनमें सबसे ज्यादा 2,96,682 मतदाता भीलवाड़ा नगर निगम क्षेत्र में हैं। नगर निगम में कुल 277 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां वार्ड नंबर 50 में सबसे ज्यादा 9 उम्मीदवार हैं। वहीं वार्ड नंबर 5, 13, 17, 29, 31, 36, 38, 43, 44, 54 और 55 में सबसे कम दो-दो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। एक ही मकान में रहते हैं, लेकिन वोट अलग-अलग वार्डों में वार्ड नंबर 7 में ओमप्रकाश दवे का परिवार एक ही मकान में रहता है, लेकिन मतदाता सूची में परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग वार्डों में दर्ज हैं। ओमप्रकाश दवे अपनी पत्नी प्रेमदेवी, दो बेटों, बहुओं और पोते-पोतियों के साथ रहते हैं। उनका मकान वार्ड नंबर 7 में आता है। इसके बावजूद ओमप्रकाश दवे, उनकी पत्नी प्रेमदेवी, बड़े बेटे अनिल और उनकी पत्नी हेमलता दवे का वोट वार्ड नंबर 4 में है। वहीं छोटे बेटे सुनील और उनकी पत्नी टीना शर्मा का नाम वार्ड नंबर 11 की मतदाता सूची में दर्ज है। एक परिवार के सदस्य तीन अलग-अलग वार्डों में आलोक स्कूल के पीछे जैन मंदिर के पास सुभाष नगर निवासी गिरधर गोपाल जोशी का मकान वार्ड नंबर 63 में है, लेकिन परिवार के वोट अलग-अलग वार्डों में दर्ज हैं। गिरधर गोपाल जोशी और उनकी पत्नी का नाम वार्ड नंबर 65 की मतदाता सूची में है। वहीं उनके बेटे और बहू का नाम वार्ड नंबर 64 में दर्ज है। यानी एक ही परिवार में रहने के बावजूद सभी के नाम अलग-अलग वार्डों की मतदाता सूची में हैं। पति-पत्नी के वोट भी अलग-अलग वार्ड में जितेंद्र झा का नाम वार्ड नंबर 7 की मतदाता सूची में है, जबकि उनकी पत्नी नीरज का वोट वार्ड नंबर 11 में दर्ज है। दोनों एक ही परिवार का हिस्सा हैं, लेकिन मतदाता सूची में उनके नाम अलग-अलग वार्डों में हैं। पिता वार्ड 11 में, बेटे का वोट वार्ड 10 में रमाकांत और उनके बेटे उमेश एक ही घर में रहते हैं, लेकिन दोनों के वोट अलग-अलग वार्ड में दर्ज हैं। पिता रमाकांत का वोट वार्ड नंबर 11 में है, जबकि उनके बेटे उमेश का नाम वार्ड नंबर 10 की मतदाता सूची में दर्ज है। वार्ड 11 में रहते हैं, वोट वार्ड 7 में उषा और प्रेमचंद का परिवार ए-सेक्टर में वार्ड नंबर 11 में रहता है, लेकिन उनका वोट वार्ड नंबर 7 की मतदाता सूची में दर्ज है। ऐसे में एक ही इलाके में रहने वाले परिवार का नाम दूसरे वार्ड की वोटर लिस्ट में होने से इस बार चुनाव के दौरान यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है।