बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर शुक्रवार सुबह जयपुर पहुंचीं। जयपुर एयरपोर्ट पर उनका अंदाज कुछ अलग नजर आया। वह मीडिया कैमरों से बचते हुए बाहर निकलने की कोशिश करती दिखाई दीं, लेकिन इस दौरान वह कैमरे में कैद हो गईं। जानकारी के मुताबिक भूमि जयपुर में अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह के जन्मदिन के मौके पर आयोजित होने वाली एक खास पार्टी में शामिल होने के लिए पहुंची हैं। रकुल प्रीत का जन्मदिन 10 अक्टूबर को है और इस बार उनके पति, निर्माता-अभिनेता जैकी भगनानी ने इसे राजस्थान में खास अंदाज में मनाने की योजना बनाई है। बताया जा रहा है कि इस सेलिब्रेशन के लिए जैकी भगनानी ने सवाई माधोपुर के पास बरवाड़ा स्थित सिक्स सेंसेज फोर्ट को चुना है। ऐतिहासिक किले में बने इस लग्जरी होटल में पहले भी बॉलीवुड की चर्चित शादी हो चुकी है। अभिनेता विक्की कौशल और अभिनेत्री कैटरीना कैफ ने दिसंबर 2021 में इसी लोकेशन पर शादी की थी। ऐसे में रकुल प्रीत के जन्मदिन के लिए इस जगह का चुनाव एक बार फिर राजस्थान को बॉलीवुड के खास आयोजनों के केंद्र में ला रहा है। बॉलीवुड के दोस्तों के साथ परिवार भी होगा शामिल रकुल प्रीत सिंह के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए जैकी भगनानी ने खास तैयारियां की हैं। जानकारी के अनुसार, इस पार्टी में बॉलीवुड के कई करीबी दोस्त शामिल हो सकते हैं। जैकी भगनानी का परिवार और रकुल प्रीत सिंह का परिवार भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए राजस्थान पहुंचने वाला है। हालांकि, पार्टी में शामिल होने वाले सभी मेहमानों की आधिकारिक सूची सामने नहीं आई है। राजस्थान की ऐतिहासिक लोकेशन, शाही माहौल और लग्जरी सुविधाएं बॉलीवुड सितारों के निजी समारोहों के लिए पसंदीदा विकल्प बनती रही हैं। बरवाड़ा का सिक्स सेंसेज फोर्ट भी इसी वजह से खास पहचान रखता है। रकुल प्रीत के जन्मदिन के लिए यहां पार्टी आयोजित किए जाने की जानकारी के बाद इस सेलिब्रेशन को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग भी जयपुर में इधर, जयपुर में इन दिनों वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग भी चर्चा में है। भूमि पेडनेकर इस सीरीज के पहले सीजन में मुख्य भूमिका में नजर आई थीं, लेकिन इस बार वह दूसरे सीजन का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में उनका जयपुर पहुंचना शूटिंग से जुड़ा हुआ नहीं, बल्कि रकुल प्रीत सिंह के जन्मदिन के आयोजन में शामिल होने से जुड़ा बताया जा रहा है।