बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर शुक्रवार सुबह जयपुर पहुंचीं। वे रकुल प्रीत सिंह की बर्थ-डे पार्टी में शामिल होने आई है। एक दिन पहले एक्टर जैकी भगनानी भी रकुल के साथ जयपुर आ गए थे। उन्होंने अपनी पत्नी रकुल का बर्थ-डे स्पेशल बनाने के लिए खासतौर पर सवाई माधोपुर के पास बरवाड़ा स्थित सिक्स सेंसेज फोर्ट को चुना है। पार्टी में शामिल होने भूमि पेडनेकर आज मुंबई से जयपुर आई। जयपुर एयरपोर्ट पर उनका अंदाज कुछ अलग नजर आया। वह मीडिया कैमरों से बचते हुए बाहर निकलने की कोशिश करती दिखाई दीं, हालांकि इस दौरान वह कैमरे में कैद हो गईं। देखिए- जयपुर एयरपोर्ट पर भूमि पेडनेकर की PHOTOS पत्नी के बर्थ-डे को यादगार बनाने के लिए राजस्थान को चुना रकुल प्रीत सिंह का बर्थ-डे आज है। जैकी भगनानी ने इस दिन को यादगार बनाने के लिए खास तैयारियां की हैं। इस सेलिब्रेशन के लिए जैकी ने सवाई माधोपुर के पास बरवाड़ा स्थित सिक्स सेंसेज फोर्ट को चुना है। ऐतिहासिक किले में बने इस लग्जरी होटल में पहले भी बॉलीवुड की चर्चित शादी हो चुकी है। विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने दिसंबर 2021 में इसी लोकेशन पर शादी की थी। ऐसे में रकुल प्रीत के जन्मदिन के लिए इस जगह का चुनाव एक बार फिर राजस्थान को बॉलीवुड के खास आयोजनों के केंद्र में ला रहा है। रकुल-जैकी के बॉलीवुड के कई दोस्त होंगे शामिल रकुल की बर्थ-डे पार्टी में बॉलीवुड के उनके कई करीबी दोस्त शामिल हो सकते हैं। जैकी भगनानी का परिवार और रकुल प्रीत सिंह का परिवार भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए राजस्थान पहुंचने वाला है। हालांकि, पार्टी में शामिल होने वाले सभी मेहमानों की आधिकारिक सूची सामने नहीं आई है। राजस्थान की ऐतिहासिक लोकेशन, शाही माहौल और लग्जरी सुविधाएं बॉलीवुड सितारों के निजी समारोहों के लिए पसंदीदा विकल्प बनती रही हैं। बरवाड़ा का सिक्स सेंसेज फोर्ट भी इसी वजह से खास पहचान रखता है। ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग भी जयपुर में इधर, जयपुर में इन दिनों वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग भी चर्चा में है। भूमि पेडनेकर इस सीरीज के पहले सीजन में मुख्य भूमिका में नजर आई थीं, लेकिन इस बार वह दूसरे सीजन का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में उनका जयपुर पहुंचना शूटिंग से जुड़ा हुआ नहीं, बल्कि रकुल प्रीत सिंह के जन्मदिन के आयोजन में शामिल होने से जुड़ा बताया जा रहा है।