बीकानेर के महाजन क्षेत्र में आबकारी विभाग ने विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन टैंकरों से करीब 1 लाख 20 हजार लीटर अवैध स्प्रिट जब्त की है। बीकानेर-हनुमानगढ़ जिले की सीमा के पास जैतपुर में अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर की गई इस कार्रवाई में मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। टैंकरों से स्प्रिट निकालकर ड्रमों में भरी जा रही थी। विभाग ने ड्रमों में भरी करीब 600 लीटर अतिरिक्त स्प्रिट भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि जैतपुर के पास हाईवे किनारे स्प्रिट से भरे टैंकर खड़े हैं और उनमें से अवैध रूप से स्प्रिट निकाली जा रही है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वहां आरोपी टैंकरों से ड्रमों में स्प्रिट निकालते हुए मिले। टीम ने तीनों टैंकरों की तलाशी ली तो प्रत्येक में करीब 40-40 हजार लीटर स्प्रिट भरी हुई मिली। इस तरह तीनों टैंकरों से कुल करीब 1 लाख 20 हजार लीटर स्प्रिट बरामद की गई। पंजाब से भरकर गुजरात ले जा रहे थे स्प्रिट प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि स्प्रिट पंजाब से भरकर सुजानपुर होते हुए गुजरात के सिधपुर-पाटन ले जाई जा रही थी। आबकारी विभाग ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर टैंकरों और ड्रमों में भरी स्प्रिट जब्त कर ली। मामले में आबकारी थाना लूणकरणसर में राजस्थान आबकारी अधिनियम, 1950 की धारा 16/54 और 54ए के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आबकारी अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त नमित मेहता के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त बीकानेर जोन मनीषा लेघा के आदेश तथा उपायुक्त आबकारी निरोधक दल पोमाराम रोहिण के निर्देशन में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी और सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में प्रहराधिकारी लूणकरणसर आबकारी थाना भगाराम ईनाणियां ने जाप्ते के साथ कार्रवाई की। इसमें आबकारी थाना खाजूवाला के प्रहराधिकारी जयदयाल का भी विशेष योगदान रहा।