बीकानेर नगर निगम चुनाव में प्रचार का शोर सोमवार शाम 5 बजे थम जाएगा। इसके बाद रैलियां, सार्वजनिक सभाएं और माइक-डीजे समेत लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा, हालांकि प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसंपर्क कर सकेंगे। प्रचार के आखिरी दिन प्रत्याशी रैलियों के जरिए शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में हैं, वहीं कांग्रेस और भाजपा 80 वार्डों में बूथ प्रतिनिधियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। टिकटों को लेकर हुए विवाद और बागी उम्मीदवारों के कारण कई जगह अपने ही कार्यकर्ताओं को बूथ पर बैठाना पार्टियों के लिए चुनौती बना हुआ है। मंगलवार को घर-घर जनसंपर्क के बाद बुधवार को मतदान होगा। मतदान केंद्र बनाए गए सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 9 सितंबर को अवकाश रहेगा, जबकि 8 सितंबर को स्कूल खुलेंगे या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रशासन ने इन स्कूलों को 7 सितंबर से अधिगृहित कर लिया है और मतदान दल 8 सितंबर शाम को पहुंचेंगे। पूर्व-पश्चिम में बड़े नेताओं के कार्यालय रात 2 बजे तक खुले बीकानेर पूर्व और पश्चिम दोनों ही क्षेत्रों में कई बड़े नेता चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में इनके चुनाव कार्यालय देर रात 2 बजे तक भी खुले रहते हैं। सुबह 8-9 बजे से ही कार्यालयों में फिर रौनक हो जाती है। अब चुनाव प्रचार के महज दो दिन शेष हैं। सोमवार शाम 5 बजे प्रचार का शोर थम जाएगा और मंगलवार को कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगे। इसके बाद बुधवार सुबह से शाम तक मतदान होगा। 80 वार्डों में बूथ प्रतिनिधियों की तलाश, बागियों से बढ़ी परेशानी नगर निगम के सभी 80 वार्डों में कांग्रेस और भाजपा अपने बूथ प्रतिनिधियों की तलाश कर रही हैं। आमतौर पर कुछ कार्यकर्ता पहले से तय होते हैं, जो बूथ का मैनेजमेंट संभालते हैं। कार्यकर्ताओं के बदलने के साथ कई बार बूथ मैनेजमेंट भी बदल जाता है। पार्षद चुनाव में टिकटों को लेकर चली खींचतान के बीच पार्टियों के लिए बूथ पर कार्यकर्ताओं को बैठाना मुश्किल हो गया है। कई बागी उम्मीदवारों के कारण बूथ पर बैठने वाले कार्यकर्ता अब अपनी पार्टी के साथ नहीं हैं। बार-बार संपर्क करने के बावजूद कई कार्यकर्ता पार्टी के लिए काम करने को तैयार नहीं हैं। बूथ एजेंट के लिए फॉर्म भरना जरूरी, बाद में नहीं बदला जा सकेगा हर बूथ पर एजेंट बैठाने के लिए प्रत्याशियों को एक फॉर्म भरना होगा। इसके साथ एजेंट बनने वाले कार्यकर्ता के आधार कार्ड सहित कई औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। एक बार पोलिंग एजेंट बनने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा। ऐसे में प्रत्याशियों की सीनियर टीम इस पूरी प्रक्रिया को देख रही है। अंतिम दिन शाम 5 बजे तक रैलियों से शक्ति प्रदर्शन चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को शाम 5 बजे से पहले तक अधिकांश उम्मीदवार रैलियां निकालेंगे। इनके जरिए शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा। शहर के अंदरूनी इलाकों में संकरी गलियों के कारण प्रत्याशियों के लिए रैलियां निकालना मुश्किल हो रहा है। एक साथ सैकड़ों बाइक पहुंचने से कई जगह रास्ते जाम हो रहे हैं। मतदान वाले स्कूलों में 9 सितंबर को छुट्टी बीकानेर नगर निगम क्षेत्र के जिन सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में मतदान होना है, वहां 9 सितंबर को अवकाश रहेगा। हालांकि, प्रशासन इन स्कूलों को 7 सितंबर से ही अधिगृहित कर चुका है। ऐसे में 8 सितंबर को स्कूलों में अवकाश रहेगा या नहीं, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। स्कूलों में पोलिंग पार्टी शाम को पहुंचेगी, इसलिए सुबह स्कूल संचालित हो सकते हैं। निर्वाचन अधिकारी की ओर से स्कूल अधिग्रहण के पत्र में स्कूल में छुट्टी का कोई जिक्र नहीं किया गया है।