युवाओं के नए विचारों को देश के नीति निर्धारण में शामिल करने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम की शुरुआत की। केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा संचालित माय भारत पोर्टल के जरिए इस राष्ट्रीय अभियान को आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता के विभिन्न स्तरों से होते हुए अंतिम रूप से चुने गए प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के सामने सीधे अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। माय भारत राजसमंद के जिला युवा अधिकारी हेमंतकुमार मथुरिया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विकसित भारत क्विज के साथ की गई है। प्रतियोगिता का पहला चरण डिजिटल क्विज के रूप में 17 अगस्त से शुरू हो चुका है, जो 30 सितंबर तक चलेगा। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन हिस्सा ले सकते हैं। देश भर के अधिकतम चार लाख प्रतिभागियों में से शीर्ष 10 प्रतिशत युवाओं को अगले दौर यानी निबंध प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। इस चरण में चयनित युवाओं को 5 से 19 अक्टूबर के बीच दिए गए 10 प्रमुख विषयों पर 500 शब्दों का निबंध पोर्टल पर अपलोड करना होगा। जिला और राज्य स्तर से राष्ट्रीय मंच तक का सफर: जिला स्तर पर प्राप्त प्रविष्टियों में से शीर्ष 50 निबंधों का चयन पीपीटी प्रेजेंटेशन राउंड के लिए किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 से 16 नवंबर के बीच आयोजित होंगी, जहां से प्रत्येक जिले के दो सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतिकर्ता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहुंचेंगे। इसके बाद राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों से छह अलग-अलग श्रेणियों में चुनी गई टीमें राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचेंगी, जहां वे प्रशासनिक सचिवों और विषय विशेषज्ञों के सामने अपनी योजनाएं प्रस्तुत करेंगी। समय-सारणी के अनुसार चरणबद्ध आयोजन : कार्यक्रम को तय समय-सीमा में पूरा करने के लिए तिथियां निर्धारित की गई हैं। क्विज 30 सितंबर तक चलेगी, निबंध स्पर्धा 05 से 19 अक्टूबर तक, जिला चैंपियनशिप 10 से 16 नवंबर तक और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर के मुकाबले 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक आयोजित होंगे। राष्ट्रीय स्तर का मुख्य कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।