चौथ का बरवाड़ा ग्राम पंचायत में पट्टे जारी करने और निर्माण कार्यों में अनियमितता को लेकर तत्कालीन सरपंच और वर्तमान प्रशासक सीता सैनी को पदमुक्त कर दिया। राज्य सरकार ने आदेश जारी किए। अनियमितताओं के चलते कार्रवाई हुई राज्य सरकार ने आदेश जारी किए कि सीता सैनी, निवर्तमान सरपंच एवं वर्तमान प्रशासक, ग्राम पंचायत चौथ का बरवाड़ा के विरुद्ध पट्टों और निर्माण कार्यों में अनियमितता किए जाने से संबंधित प्रकरण की जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में सीता सैनी को जिम्मेदार माना गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार की ओर से किए गए विनिश्चय के क्रम में उन्हें ग्राम पंचायत चौथ का बरवाड़ा के प्रशासक पद से हटाने का निर्णय लिया गया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सीता सैनी को तत्काल प्रभाव से प्रशासक पद से पदमुक्त किया जाता है। इसके साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्रवाई सक्षम स्तर से अनुमोदित है। प्रशासनिक स्तर पर जारी इस आदेश के बाद ग्राम पंचायत चौथ का बरवाड़ा में प्रशासक पद की जिम्मेदारी को लेकर आगे की प्रक्रिया संबंधित विभाग की ओर से तय की जाएगी।