चित्तौड़गढ़ शहर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। शहर के गांधीनगर निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से महज चार से पांच मिनट के अंदर 1 लाख 56 हजार 660 रुपए ऑनलाइन निकाल लिए गए। पीड़ित को जब खाते से लगातार रकम कटने का पता चला तो उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। अब इस मामले में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार ठगी ऑनलाइन माध्यम से की गई है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किस तरह और किन खातों में ट्रांसफर हुई। लगातार छह ट्रांजेक्शन में निकाली पूरी रकम थानाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि गांधीनगर स्थित हुडको कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय विक्की जैन का एक्सिस बैंक की चंद्रलोक टॉकीज के पास स्थित शाखा में बचत खाता है। विक्की जैन ने रिपोर्ट में बताया कि 11 सितंबर की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनके खाते से अचानक एक के बाद एक ट्रांजेक्शन होने लगे। सबसे पहले 24,999 रुपए निकले, फिर दोबारा 24,999 रुपए कट गए। इसके बाद 24,998 रुपए, फिर 20 हजार रुपए, उसके बाद एक हजार रुपए और आखिर में 59,663.74 रुपए निकाल लिए गए। करीब चार-पांच मिनट के अंदर छह ट्रांजेक्शन में कुल 1 लाख 56 हजार 660 रुपए खाते से निकल गए। इतनी तेजी से रकम कटने के बाद उन्हें समझ आ गया कि उनके साथ ऑनलाइन ठगी हुई है। 1930 नंबर पर की गई शिकायत पीड़ित ने बताया कि ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलते ही उसने बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज हुई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना जयपुर ने जीरो एफआईआर दर्ज की। बाद में यह मामला कार्रवाई के लिए साइबर थाना चित्तौड़गढ़ भेजा गया। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित रिपोर्ट भी दी, जिस पर स्थानीय स्तर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। ट्रांजेक्शन की जांच में जुटी पुलिस कोतवाली थाना पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। बैंक खाते की ट्रांजेक्शन डिटेल, साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायत, बैंक रिकॉर्ड और अन्य डॉक्यूमेंट्स के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि रकम किन खातों में भेजी गई और ठगी किस तरीके से की गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि साइबर अपराधियों ने खाते तक पहुंच कैसे बनाई। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।