चित्तौड़गढ़ में विजयपुर रेंज के गोपालपुरा (पाल) गांव में घर के पास खेत में पहुंचे करीब 13 फीट लंबे अजगर का वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया। यह अजगर प्रकाश सुथार पुत्र मदन लाल सुथार के घर के पास खेत में घूम रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानी के साथ अजगर को पकड़ा। अजगर का आकार बड़ा होने के साथ ही उसका वजन करीब 40 से 45 किलो था। वयस्क और भारी वजन वाले अजगर को पकड़ने के लिए टीम ने काफी सावधानी बरती। करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद अजगर का रेस्क्यू पूरा किया गया और उसे वन क्षेत्र में में छोड़ दिया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम, सुरक्षित तरीके से किया रेस्क्यू क्षेत्रीय वन अधिकारी विजयपुर भूपेंद्र सिंह शक्तावत ने बताया कि गोपालपुरा (पाल) बस्सी निवासी प्रकाश सुधार पुत्र मदन लाल सुधार के घर के पास खेत में अजगर दिखाई देने की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने बताया कि अजगर खेत और घर के आसपास घूम रहा है। सूचना के बाद रेंजर भूपेंद्र सिंह शक्तावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मौके की स्थिति को देखते हुए अजगर को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। अजगर करीब 13 फीट लंबा और 40 से 45 किलो वजन का था। नदी-नालों के आसपास रहता है अजगर, कई बार भटककर पहुंच जाता है आबादी में वन विभाग के अनुसार अजगर विषहीन वन्यजीव है लेकिन यह खतरनाक होता हैं। यह सामान्य तौर पर नदी, नालों और पानी वाले क्षेत्रों के आसपास रहना पसंद करता है। कई बार यह अपने रहने के स्थान से भटककर खेतों या आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास पहुंच जाता है। ऐसे वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने की बजाय वन विभाग को सूचना देना जरूरी है, ताकि उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि अजगर इंसानों पर हमला करने वाला जीव नहीं होता, लेकिन इसके बड़े आकार को देखते हुए इसे पकड़ने के दौरान सावधानी जरूरी होती है। वन विभाग ने ग्रामीणों से की अपील, वन्यजीव दिखने पर दें सूचना वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि आसपास कोई भी वन्यजीव दिखाई देने पर इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें। वन्यजीवों को खुद पकड़ने या परेशान करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इससे वन्यजीव को नुकसान पहुंच सकता है और लोगों के लिए भी परेशानी हो सकती है। गोपालपुरा गांव में हुए इस रेस्क्यू अभियान में वनरक्षक मेघनाथ, नारायण सिंह के साथ ग्रामीण देवीलाल जाट, प्रकाश और मदन सुथार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वन विभाग की टीम ने समय पर कार्रवाई करते हुए बड़े अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।