जिले में शुक्रवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर में कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम का मिजाज बदल गया। बादल छाए रहने और ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। दिनभर मौसम सुहाना बना रहने से बाजारों और सड़कों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा गर्मी का असर कम नजर आया। दोपहर में जिले में सबसे अधिक बारिश गंगधार में 4 एमएम दर्ज की गई। इसके अलावा झालावाड़ और पचपहाड़ में 1-1 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। हालांकि बारिश का दौर ज्यादा देर नहीं चला, लेकिन बादलों के कारण मौसम में ठंडक बनी रही। सुबह से ही बादल छाए हुए थे और दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को और खुशनुमा कर दिया। पिछले दिनों हुई बारिश से हुए पानी की आवक के बाद खंडिया तालाब पर चादर चल रही है। वहीं, बीते 24 घंटे में जिले के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश मनोहरथाना में 13 एमएम और खानपुर में 11 एमएम रिकॉर्ड हुई। अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नमी मिली है। मौसम केंद्र जयपुर के मुख्य वैज्ञानिक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर दक्षिणी राजस्थान, गुजरात व आसपास के क्षेत्र के ऊपर परिसंचरण तंत्र के रूप में अवस्थित है। साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव से शनिवार को भी हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है।