राजसमंद जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत वोट बचाओ देश बचाओ अभियान की शुरुआत की गई। शहर के सघन क्षेत्र विकास समिति परिसर में कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में सात दिवसीय अभियान की जानकारी दी गई। पीसीसी सदस्य नारायण सिंह भाटी ने बताया कि इंडियन नेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से चुनाव आयोग और सत्ता पक्ष के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में सात दिवसीय लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ अभियान शुरू किया गया है। राजसमंद में यह अभियान 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ग्राम और ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के माध्यम से अभियान को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। भाटी ने प्रेस वार्ता के दौरान सत्ता पक्ष पर आरोप लगाते हुए अभियान की कार्ययोजना की जानकारी दी। कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य नारायण सिंह भाटी और पूर्व सभापति अशोक टांक मौजूद रहे। हालांकि जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी बैठक में नजर नहीं आए। भाटी ने बताया कि अभियान के तहत आगे विरोध प्रदर्शन और मार्च का भी आयोजन किया जाएगा तथा संबंधित मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।