नई अनाज मंडी में खैरथल-तिजारा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलराम यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। यादव ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर उठ रहे सवालों का जवाबदेही के साथ समाधान होना चाहिए। यादव के अनुसार मतदाता सूची से नाम हटने, एक ही व्यक्ति के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर प्रविष्टियां होने और चुनावी अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र जांच जरूरी है। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों की जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मतदाता सूचियों की पारदर्शी जांच, संदिग्ध नामों पर आपत्तियों की निष्पक्ष सुनवाई और राजनीतिक दलों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग रखी। यादव ने हालिया नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन कार्यकर्ताओं की शिकायतों की जांच की भी मांग की। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायती राज चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी होने चाहिए।