दौसा शहर में नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे मैरिज होम और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ नगर परिषद ने कार्रवाई की है। नगर परिषद आयुक्त हंसा मीणा के निर्देश पर की गई कार्रवाई में फायर एनओसी नहीं होने के चलते पांच मैरिज होम और एक कोचिंग संस्थान को सीज कर दिया गया। इसके साथ ही बिना अनुमति करवाए जा रहे निर्माण कार्यों को बंद करवाया गया तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई। कोचिंग सेंटर को सीज किया कार्रवाई के दौरान शुक्रवार सुबह शहर के आगरा रोड पर संचालित ज्ञानसागर कोचिंग सेंटर को सीज किया गया। बताया जा रहा है कि कोचिंग सेंटर में फायर एनओसी सहित आवश्यक परमिशन नहीं होने के चलते यह कार्रवाई की गई। आयुक्त ने बताया कि कोचिंग संस्थानों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ने आते हैं, ऐसे में सुरक्षा के इंतजाम और जरूरी अनुमतियां विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। सुरक्षा इंतजामों पर उठ रहे सवाल नगर परिषद की इस कार्रवाई के बाद शहर की बहुमंजिला इमारतों, मैरिज होम और अन्य व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब यह देखना होगा कि नगर परिषद की ओर से अन्य भवनों की जांच कर नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं। नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए संकेत दिया है कि बिना परमिशन के निर्माण और संचालन करने वाले प्रतिष्ठानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। हालांकि, शहर के अन्य भवनों में भी फायर एनओसी और सुरक्षा मानकों की जांच जरूरी मानी जा रही है।