दौसा में विकसित भारत संकल्प सभा के तहत सोमनाथ क्षेत्र में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम हुआ। जिसमें वंदे मातरम् गीत गाया गया। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना गया। इस कार्यक्रम में जिला प्रभारी और उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ भी शामिल हुए। जहां पर उन्होंने विपक्ष पर सीधा निशाना साधा। राठौड़ बोले- कांग्रेस राष्ट्र विरोधी काम कर रही है उन्होंने कहा- जब से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में काम करने का मौका मिला है, तब से कांग्रेस राष्ट्र विरोधी काम कर रही है। भाजपा भी विपक्ष में रही है, लेकिन रचनात्मक तरीके से मुद्दे उठाने का काम किया गया था। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद भारत विकसित हो रहा है, तब से राहुल गांधी को कष्ट हो रहा है। भारतीय सेना सर्जिकल स्ट्राइक करती है तो सबसे पहले राहुल गांधी सवाल पूछते हैं। सेना के जरिए अंडमान-निकोबार में रणनीतिक बेस बनाने पर भी राहुल गांधी सवाल उठाते हैं। राहुल गांधी पर देशद्रोह का आरोप लगाया मंत्री ने कहा- जब न्यायपालिका देशहित का कोई फैसला लेती है तो सबसे पहले विपक्ष सवाल उठता है। कोरोना के वक्त लगाई जा रही वैक्सीन को राहुल गांधी ने भाजपा की वैक्सीन बताया था। भारतीय टीम के जरिए एशियन गेम में कई पदक जीतने के बावजूद राहुल गांधी ने बधाई संदेश नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि भारत की तरक्की से राहुल गांधी के पेट में दर्द होता है। जब वायनाड में चुनाव जीतते हैं तो वाहवाही करते हैं, लेकिन दूसरी जगह चुनाव हारने पर सवाल खड़े करते हैं। वे देश के दुश्मनों के साथ मिलकर संवैधानिक संस्थाओं का विरोध कर रहे हैं। भारत हर क्षेत्र के प्रगति कर रहा- परनामी इसी दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी को पूरे देश की सेवा करते हुए लगभग 25 साल पूरे हुए हैं। आज ही के दिन, 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र भाई मोदी ने शपथ ली थी और वहां से उनकी सेवा यात्रा प्रारंभ हुई, जिस तरह से भारत का मान उन्होंने दुनिया के सामने बढ़ाया, जिस तरह से आज भारत हर क्षेत्र के अंदर प्रगति कर रहा है, देश के लिए बड़ी गर्व की बात है। ये रहे मौजूद… कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, बांदीकुई विधायक भागचंद सैनी, लालसोट विधायक रामविलास मीणा, जिला प्रभारी प्रणवेन्द्र शर्मा, चुनाव प्रभारी पूजा कपिल, पूर्व मंत्री कन्हैयालाल मीणा, वरिष्ठ नेता जगमोहन मीणा, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला, पूर्व प्रदेश मंत्री नीलम गुर्जर, जिला महामंत्री हरकेश मटलाना, अरविन्द गुर्जर, भावना सैनी समेत कार्यकर्ता और स्कूलों के बच्चे मौजूद रहे।