डीग जिले में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में कामां, सीकरी और पहाड़ी नगर पालिकाओं में बुधवार को वोट डाले जाएंगे। तीनों नगर पालिकाओं में कुल 80 वार्ड और 80 बूथ हैं। हालांकि 3 वार्डों में प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। इसलिए 9 सितंबर को 77 बूथों पर मतदान होगा। इन चुनावों में कुल 46,947 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पहाड़ी में कुल 6,449 मतदाता हैं। इनमें 3,421 पुरुष, 3,027 महिला और 1 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। यहां कुल 76 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 63 पुरुष और 13 महिलाएं हैं। पार्टी टिकट पर 16 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें भाजपा के 15 और कांग्रेस का 1 प्रत्याशी है। वहीं 60 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। कामां में जिले की इन 3 नगर पालिकाओं में सबसे ज्यादा 27,882 मतदाता हैं। इनमें 14,750 पुरुष, 13,130 महिला और 2 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव में कुल 163 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं, जिनमें 110 पुरुष और 53 महिलाएं हैं। कामां में पार्टी टिकट पर कुल 40 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 33, कांग्रेस के 6 और आरएलपी का एक प्रत्याशी शामिल है। इसके अलावा 123 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। सीकरी में कुल 12,616 मतदाता हैं, जिनमें 6,527 पुरुष और 6,089 महिला मतदाता हैं। यहां थर्ड जेंडर मतदाता की संख्या शून्य है। कुल 85 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 42 पुरुष और 43 महिलाएं शामिल हैं। पार्टी टिकट पर कुल 21 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें भाजपा के 19, कांग्रेस का एक और बसपा की एक प्रत्याशी शामिल हैं। वहीं 64 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। तीनों नगर पालिकाओं में 247 निर्दलीय मैदान में पहले चरण के चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के मुकाबले निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या काफी अधिक है। पहाड़ी, कामां और सीकरी को मिलाकर 247 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। तीनों नगर पालिकाओं में कुल 324 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 215 पुरुष और 109 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।