बीकानेर में 6 साल पहले पुरानी रंजिश को लेकर युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में शनिवार को कोर्ट ने फैसला सुनाया है। बहुचर्चित राकेश हत्याकांड में अपर सत्र न्यायालय संख्या-5 की जज मधु हिसारिया ने मामले की सुनवाई पूरी की। कोर्ट ने सभी 6 आरोपियों को दोषी ठहराया और उन्हें उम्र कैद की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक दोषी पर 20-20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। फैसले के समय मुख्य आरोपी सुखाराम और प्रहलाद पहले से ही न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद थे, जबकि अन्य चार आरोपी श्रवणचंद, मुकेश, पुष्पा देवी और मंजू देवी जमानत पर बाहर चल रहे थे। अदालत ने चारों की जमानत निरस्त कर दी और उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर जेल भेजने के आदेश दिए। सभी दोषियों के सजा वारंट तैयार कर दिए गए हैं। किडनैप कर घर ले गए, बांधकर पीटा अपर लोक अभियोजक शिवशंकर स्वामी ने मामले की पैरवी की। उन्होंने बताया- घटना 19 जून 2021 की रात करीब 11:30 बजे की है। गीगासर गांव में रामदेवजी मंदिर के पास से गुजर रहे युवक राकेश को आरोपियों ने जबरन रोक लिया और उसका अपहरण कर सुखाराम के घर ले गए। वहां आरोपियों ने उसे रस्सियों से बांध दिया और लाठियों-सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर बेरहमी से पीटा। बीकानेर के ट्रोमा हॉस्पिटल में मौत मारपीट की भनक लगते ही राकेश का भाई महावीर प्रसाद और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने राकेश को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और गंभीर हालत में देशनोक हॉस्पिटल ले गए। वहां से उसे बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर 20 जून 2021 को देशनोक थाने में मामला दर्ज हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में केस पेश किया। लाठी- रस्सी जैसे सबूतों को माना आधार कोर्ट ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के नक्शे और आरोपियों से बरामद लाठियों व रस्सी जैसे ठोस सबूतों के आधार पर अभियोजन पक्ष के दावों को विश्वसनीय माना। इसके अलावा कोर्ट ने मृतक के आश्रितों को पीड़ित प्रतिकर (मुआवजा) दिलाने के लिए फैसले की प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), बीकानेर को भेजने के निर्देश दिए। अदालत ने दोषियों को आजीवन कारावास और 20-20 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। हालांकि इसके अलावा विभिन्न धाराओं में 10-10 हजार रुपए जुर्माना और 7, 2 और 1 साल की सजा तय की गई है। सभी सजाएं एक साथ चलेंगी।