धौलपुर के कॉलेज रोड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में एक अज्ञात व्यक्ति ने हनुमान जी की प्रतिमा से चोला उतारकर जला दिया। अज्ञात व्यक्ति ने प्रतिमा से चोला उतारा और उसे शिव परिवार मंदिर के ऊपर रखकर आग लगा दी। मंदिर का पर्दा भी जला मिला, उसका पाइप गायब है। शाम को दर्शन करने पहुंचे एक श्रद्धालु ने चोला उतरा और जला हुआ देखा। उसने पुजारी को बताया, जिसके बाद लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों की सूचना पर सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और रेल चौकी प्रभारी मुकेश शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जानकारी जुटाई। सीओ सिटी प्रदीप नेहरा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना को किसने और किस मकसद से अंजाम दिया, इसका पता लगाया जा रहा है।