धौलपुर में जिला एवं सेशन न्यायाधीश संजीव मागो और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेखा यादव ने शुक्रवार को जिला कारागृह का मासिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशों पर किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल में बंदियों को मिल रही सुविधाओं और रसोईघर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रसोईघर में खाना बनाने की प्रक्रिया, साफ-सफाई और खाने के सामान के रखरखाव को देखा गया। रसोईघर में सफाई की कमी मिलने पर जेल इंचार्ज को तुरंत सुधार करने और रसोईघर व आसपास के इलाके में नियमित सफाई रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बंदियों को दिए जा रहे खाने की क्वालिटी पर भी खास ध्यान देने को कहा। बंदियों से उनकी समस्याएं भी सुनी जज संजीव मागो और सचिव रेखा यादव ने जेल में बने प्रिजन लीगल एड क्लिनिक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नालसा की एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) में दिए गए निर्देशों का पालन करने को कहा। अधिकारियों ने बंदियों से मिलकर उनकी निजी और सामूहिक समस्याओं के बारे में पूछा। खासकर भरतपुर से आए बंदियों से उनके केस की स्थिति, वकील मिलने, जमानत और आगे की कोर्ट कार्यवाही के बारे में जानकारी ली गई। जिन बंदियों ने बताया कि उनके पास वकील नहीं है या उन्हें कानूनी मदद चाहिए, उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं के बारे में बताया गया। इस निरीक्षण के दौरान चीफ एलएडीसी अमित कमठान, डिप्टी चीफ पप्पू सिंह गुर्जर, असिस्टेंट एलएडीसी आराधना शर्मा, दीपक सिंह सिकरवार, स्टेनो राहुल डंडौतिया, डॉक्टर सुमित मित्तल और जेलर विनोद समेत जेल स्टाफ और बंदी मौजूद रहे।