धौलपुर कोतवाली पुलिस ने मारपीट, लूट और अवैध वसूली के मामले में फरार चल रहे दस-दस हजार रुपए के तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया। इन्हें राधा बिहारी रोड और भामतीपुरा से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2025 को आरोपियों ने एक शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की थी। उन्होंने कट्टे की नोक पर पैसे मांगे, विरोध करने पर लाठी-डंडों, सरिया, हॉकी व लात-घूंसों से पीटा। शिकायतकर्ता से सोने की चेन और 1500 रुपए भी छीन लिए। इस मामले में कोतवाली थाने में केस दर्ज था। घटना के बाद से राज मावई, देवराज सिंह और अमित गुर्जर फरार थे। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है। कुआंपुर, धौलपुर निवासी राज मावई उर्फ विट्टू उर्फ पिंटू (23); बीचिया, धौलपुर निवासी देवराज सिंह उर्फ भोला (22); और टयरकी, भरतपुर निवासी अमित गुर्जर उर्फ एपी (36) गिरफ्तार हुए हैं। यह कार्रवाई थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने की।