धौलपुर में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो थानों की पुलिस ने 2 अलग-अलग जगहों पर छापे मारे। इस दौरान पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 224 क्वार्टर देसी और अंग्रेजी शराब जब्त की। एक मामले में शराब ले जाने में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी भी जब्त की गई है। पहली कार्रवाई निहालगंज थाना पुलिस ने आबकारी थाने के पास की। थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एएसआई सत्यप्रकाश ने एक युवक को अवैध शराब के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मनियां निवासी विवेक (25) पुत्र मुकेश के रूप में हुई। उसके पास से देसी शराब के 80 क्वार्टर मिले। दूसरी कार्रवाई कोतवाली थाना पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड चौकी क्षेत्र में की। कोतवाल रामकिशन यादव के नेतृत्व में चौकी प्रभारी एएसआई राजकुमार डागुर ने एक बोलेरो गाड़ी की जांच की। पुलिस ने वाहन से अंग्रेजी शराब के 96 क्वार्टर जब्त किए और आरोपी पुरानी छावनी निवासी जितेंद्र (28) पुत्र सतीश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली। वहीं, तीसरी कार्रवाई में कोतवाली थाना पुलिस के एएसआई मुकेश कुमार ने कमल किशोर (22) को देसी शराब के 48 क्वार्टर के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों मामलों में शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।