बालोतरा जिले के धोरीमन्ना में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे ओवरब्रिज पर कार और जीप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार 5 लोग घायल हो गए। घायलों को धोरीमन्ना हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 2 गंभीर घायलों को सांचौर रेफर कर दिया गया। हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। गनीमत रही कि पास से गुजर रहे दूसरे वाहन दोनों गाड़ियों की चपेट में नहीं आए। दो गाड़ियां ओवरटेक कर रही थीं, तभी सामने से भिड़ीं मिली जानकारी के अनुसार धोरीमन्ना कस्बे में स्विफ्ट कार कृषि मंडी की ओर से आ रही थी। वहीं जीप ओवरब्रिज के ऊपर से आ रही थी। इसी दौरान दोनों गाड़ियां ओवरटेक कर रही थीं। तभी कार और जीप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए। हादसे में राजूराम पुत्र तुलसाराम बामरला (40), मोबताराम पुत्र धुड़ाराम बामरला (70), फगलूराम पुत्र रामूराम बामरला (55), भेराराम उर्फ रामचंद्र (60) निवासी चितराड़ी और अर्जुनराम उर्फ खामूराम (65) निवासी बामरला घायल हुए। वाहनों से निकालकर अस्पताल पहुंचाया हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। लोगों ने घायलों को दोनों वाहनों से बाहर निकाला और धोरीमन्ना हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद 2 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सांचौर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने वाहन हटवाकर ट्रैफिक शुरू करवाया हादसे की सूचना मिलने पर धोरीमन्ना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई और दोनों वाहनों को हाईवे से हटवाया, जिसके बाद ट्रैफिक शुरू करवाया गया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसे के दौरान आसपास से गुजर रहे वाहन भी इसकी चपेट में आ सकते थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई अन्य वाहन नहीं भिड़ा।