राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डीडवाना के अध्यक्ष नाहर सिंह मीणा और सचिव विकास ऐचरा ने जिला कारागृह डीडवाना का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की साफ-सफाई, बंदियों को दिए जा रहे भोजन और इलाज की सुविधाओं को देखा। इस दौरान जो कमियां मिलीं, उन्हें जल्द दूर करने के लिए जेलर को जरूरी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जेल में पहली बार आए बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। इस मौके पर सचिव विकास ऐचरा ने बंदियों को मुफ्त कानूनी सहायता योजना के बारे में बताया। उन्होंने जेलर को निर्देश दिए कि जिन बंदियों के पास अपने केस की पैरवी के लिए वकील नहीं है, उनसे आवेदन भरवाकर संबंधित कोर्ट या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजा जाए। इससे उन्हें जल्द मुफ्त वकील मिल सकेगा। प्राधिकरण की ओर से किए जाने वाले ऐसे निरीक्षणों का मकसद जेल में बंद लोगों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें जरूरी कानूनी मदद व बुनियादी सुविधाएं देना है। इस मौके पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्ञानेन्द्र सिंह, जेलर और दूसरे संबंधित कर्मचारी मौजूद थे।