डीडवाना-कुचामन जिले के 4 नगर निकायों में बुधवार को निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा। पुलिस और प्रशासन ने चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान दलों को ट्रेनिंग देने के बाद मंगलवार को उनके संबंधित मतदान केंद्रों पर भेज दिया गया। डीडवाना और कुचामन नगर परिषद के साथ-साथ लाडनूं और बोरावड़ नगर पालिका के कुल 155 वार्डों में वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। जिले में कुल 182 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 48 केंद्र संवेदनशील या अति संवेदनशील कैटेगरी में हैं। इस चुनाव में जिले के 1 लाख 66 हजार 974 मतदाता अपने वोट डालेंगे। 1 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे व्यवस्था शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन ने एरिया मजिस्ट्रेट, सहायक मजिस्ट्रेट और 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट है। एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान की देखरेख में 5 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 6 वृत्ताधिकारी और 23 थानाधिकारी समेत 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिसकर्मियों को मतदान केंद्रों पर लगाया गया है। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर ज्यादा पुलिस बल रहेगा। अलग-अलग इलाकों में पुलिस की मोबाइल टीमें लगातार गश्त करेंगी। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।