सदर थाना पुलिस ने शादी के नाम पर गुजरात के एक युवक से 1.91 लाख रुपए ठगने के मामले में लूटेरी दुल्हन और दलाल समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक को शादी करवाने के नाम पर कोर्ट ले जाते समय रास्ते में ही दुल्हन को भगा लिया था। सदर थानाधिकारी संगीता बंजारा ने बताया कि आरोपियों ने पहले युवक को युवती का फोटो दिखाया और शादी का रिश्ता तय किया। शादी के लिए 1.71 लाख रुपए नकद लेने के बाद दुल्हन और उसकी बहन को युवक की गाड़ी में बैठाकर डूंगरपुर कोर्ट के लिए भेजा। कोर्ट से करीब 2 किलोमीटर पहले बिना नंबर की बोलेरो में सवार एक युवक लाठी लेकर पहुंचा और दूल्हे को धमकाया। इसके बाद दोनों युवतियां बोलेरो में बैठकर चली गईं। इस घटना के बाद दलाल ने भी अपना मोबाइल बंद कर लिया और भाग गया। पुलिस ने इस मामले में बारो का शेर निवासी अमित बामणा (25), पालवडा निवासी लालशंकर डामोर (52) और टेंगरवाड़ा निवासी लूटेरी दुल्हन पीनल घाटिया (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इस वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। फोटो देखकर परिवार के साथ डूंगरपुर आया था युवक पुलिस के मुताबिक गुजरात के गांधीनगर जिले के डभोडा थाना क्षेत्र निवासी पिजेश पटेल (36) ने 4 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि शादी के लिए उसकी मुलाकात कमलेश नाम के व्यक्ति से हुई थी, जो शादी करवाने का काम करता था। कमलेश ने उसे पीनल का फोटो दिखाया। इसके बाद पिजेश 26 अगस्त को परिवार के साथ डूंगरपुर आया। मोतली मोड़ पर कमलेश और अमित बाइक से उन्हें लेने पहुंचे और टाड़ी ओबरी गांव में फूला नाम के व्यक्ति के घर ले गए। यहां पीनल, उसकी बहन, मां, भाई अमित, पिता और दलाल कमलेश से मुलाकात कराई गई। बातचीत के बाद शादी की तारीख 31 अगस्त तय हुई। आरोपियों ने शादी के लिए 2 लाख रुपए मांगे, लेकिन बातचीत के बाद 1.71 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। 1.71 लाख नकद दिए, दलाल ने 5 हजार अलग लिए 31 अगस्त को पिजेश परिवार के साथ टाड़ी ओबरी पहुंचा। यहां उसने पीनल, उसके भाई अमित और दलाल कमलेश को 1.71 लाख रुपए नकद दिए। इसके अलावा कमलेश ने 5 हजार रुपए अलग से लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने कहा कि पीनल और उसकी बहन यमुना को अपनी गाड़ी में बैठाकर डूंगरपुर कोर्ट ले जाओ। वे बाइक से पीछे आएंगे और कोर्ट में दोनों की शादी करवा देंगे। कोर्ट से 2 किमी पहले बोलेरो ने रोका पिजेश दोनों युवतियों को गाड़ी में बैठाकर कोर्ट के लिए रवाना हुआ। कोर्ट से करीब 2 किमी पहले सदर थाना क्षेत्र के रास्ते में बिना नंबर की बोलेरो आकर रुकी। उसमें से एक व्यक्ति लट्ठ लेकर उतरा और गाड़ी का दरवाजा खोलकर पिजेश को धमकाने लगा। इसी दौरान पीनल और यमुना गाड़ी से उतरकर बोलेरो में बैठ गईं। बोलेरो वहां से रवाना हो गई। पिजेश ने कमलेश से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह मौके पर नहीं आया। बाद में उसका मोबाइल भी बंद हो गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को रिपोर्ट देकर करीब 1.91 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया। तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सदर थाना पुलिस ने टीम गठित कर तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस टीम ने टाड़ी ओबरी, बोलादरा, पालदेवल, बारों का शेर, पालवड़ा, टेंकरवाड़ा तलैया और बिछीवाड़ा समेत कई स्थानों पर तलाश की। पुलिस ने अमित बामणा, लालशंकर डामोर और पीनल घाटिया को डिटेन कर पूछताछ की। देवल चौकी प्रभारी एएसआई गिरिराज सिंह ने बताया कि तीनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।