डूंगरपुर में नागदा जैन युवा मंडल ने भगवान 1008 श्री नागफणी पार्श्वनाथ के दर्शन के लिए 35 किलोमीटर की वार्षिक पदयात्रा निकाली। शहर के तहसील चौराहे से शुरू हुई इस यात्रा में जैन धर्मावलंबी शामिल हुए। नागफणी मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन और पूजा की। यह 31वीं पदयात्रा रविवार अलसुबह 2 बजे रवाना हुई। श्रद्धालु सिंटेक्स चौराहा, बलवाड़ा, थाना, करोली, कनबा, छापी, बिछीवाड़ा, चुंडावाड़ा से होते हुए मंदिर पहुंचे। रास्ते में भामाशाहों ने पदयात्रियों के लिए चाय-नाश्ते का इंतजाम किया। डूंगरपुर, सलूंबर, रामगढ़, आसपुर, कतीसोर सहित आसपास के इलाकों से श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। मंदिर में भगवान नागफणी पार्श्वनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की गई। सलूंबर के नए सभापति नरेश जैन सहित भामाशाहों का सम्मान हुआ।