डूंगरपुर के सदर थाने में बुधवार को एसपी मनीष कुमार ने जनसुनवाई की। इस दौरान लोगों ने चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने, हेलमेट को लेकर पुलिस कार्रवाई, मारपीट में रिपोर्ट दर्ज करने और चालान के नाम पर गरीबों को परेशान करने जैसे मुद्दे उठाए। एसपी ने बताया कि पिछले एक साल में सड़क हादसों में 350 लोगों की मौत हुई, जबकि जिले में 29 हत्याएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि कई सड़क हादसों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों की पालना से रोका जा सकता था। लोगों से सड़क सुरक्षा और अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। चोरी के मामले उठे, जल्द खुलासे का भरोसा जनसुनवाई में ददोडिया के अहारी फला स्कूल की शिक्षिका ज्योति ने पोषाहार चोरी की शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि स्कूल से पहले कंप्यूटर, प्रिंटर और गैस सिलेंडर भी चोरी हो चुके हैं। वहीं लक्ष्मणलाल ने घर से लाखों रुपए के जेवर चोरी होने की शिकायत की। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि चोरी की वारदातों को रोकने में आमजन का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कई जगह रात में घरों के बाहर बल्ब तक नहीं जलते और सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। ऐसे में पुलिस के लिए चोरों की पहचान और गिरफ्तारी मुश्किल हो जाती है। पहले रिपोर्ट देने वाले की ही नहीं, घायल की भी होगी सुनवाई पाल देवल के दिनेश कुमार ने पुलिस कार्रवाई को लेकर अपनी समस्या रखी। उन्होंने कहा कि वे पेशे से वकील हैं। कई बार विवाद या मारपीट के मामलों में जो व्यक्ति पहले रिपोर्ट देता है, उसकी सुनवाई हो जाती है। जबकि मारपीट में घायल व्यक्ति पहले अस्पताल जाकर इलाज करवाता है और बाद में थाने पहुंचकर रिपोर्ट देता है तो उसकी शिकायत पर अपेक्षित सुनवाई नहीं होती। इस पर एसपी ने कहा कि पहले और बाद में दी गई दोनों रिपोर्ट पर सुनवाई होगी। मामले में जो गलत होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पति-पत्नी के विवाद में वसूली के आरोप जनसुनवाई में परिवार में पति-पत्नी के विवाद को लेकर पुलिसकर्मियों पर वसूली के आरोप भी लगाए गए। इसके अलावा चालान के नाम पर गरीब लोगों को परेशान करने की शिकायत भी सामने आई। एसपी ने वसूली के आरोपों पर कहा कि यदि ऐसा कोई मामला है तो लोग सीधे उन्हें इसकी जानकारी दें। संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन कराने और चालान की कार्रवाई को जरूरी बताया। 'बच्चों को पावर बाइक देने से बढ़ रहे हादसे' एसपी मनीष कुमार ने कहा कि पिछले एक साल में सड़क हादसों में 350 लोगों की जान गई है। उन्होंने कहा कि इनमें से कई हादसे हेलमेट पहनने से टाले जा सकते थे। घर में बच्चों को बिना रोक-टोक पावर बाइक देने और यातायात नियमों की अनदेखी से हादसों का खतरा बढ़ रहा है। इसे रोकने की जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी है। राजपुर घाटी में पुलिस चौकी की मांग पूर्व पार्षद नरेश यादव ने राजपुर घाटी में पुलिस चौकी के लिए पहले से आवंटित जमीन पर भवन निर्माण करवाकर चौकी शुरू करने की मांग रखी। एसपी ने इस मामले में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सुरक्षा सखियों की भी सुनी समस्या जनसुनवाई में सुरक्षा सखियों ने शिकायत की कि पहचान नहीं होने के कारण कई बार पुलिसकर्मी उनकी बात पर ध्यान नहीं देते। इस पर एसपी ने अधिकारियों को सुरक्षा सखियों की सूची तैयार करने और उनकी शिकायतों को प्राथमिकता से सुनने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कई जनप्रतिनिधि और आम लोग शामिल हुए। लोगों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याएं और पुलिस से जुड़ी शिकायतें भी एसपी के सामने रखीं। एसपी ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई और शिकायतों के समाधान का भरोसा दिलाया।