शिक्षा विभाग की जिला शिक्षा की रैंकिंग में चूरू प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। विभाग ने इस शैक्षणिक सत्र में अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की तरफ से जारी सितंबर माह की जिला रैंकिंग में चूरू प्रदेश में 75.00 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर आ गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिला पहली बार प्रथम आया है। इससे पहले चौथे और सातवें पायदान पर था। उल्लेखनीय है कि चालू शैक्षणिक सत्र में जिले का प्रदर्शन लगातार सुधरा है। अप्रैल में जिला दूसरे स्थान पर था, जबकि जुलाई में फिसलकर 7वें पायदान पर आ गया था। इसके बाद विभाग ने कमियों को दूर कर अगस्त में चौथा स्थान हासिल किया और अब सितंबर की रैंकिंग में सीधे टॉप पर रहा है। जिला स्तर के साथ-साथ ब्लॉक स्तर पर भी चूरू के ब्लॉक ने शानदार प्रदर्शन किया है। तारानगर ब्लॉक ने 83.00 अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं जिला स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा जिले के अन्य ब्लॉक में राजगढ़ 78 अंकों के साथ प्रदेश में 17वें स्थान पर, बीदासर 75 अंकों के साथ 35वें स्थान पर और सिद्धमुख 75 अंकों के साथ 36वें स्थान पर रहे हैं। अन्य ब्लॉक का भी बेहतर प्रदर्शन रहा। तारानगर सीबीईओ बबलेश शर्मा ने बताया कि सभी पीईईओ, यूसीईईओ, संस्था प्रधानों, शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों से यह सफलता हासिल हुई। सीडीईओ डॉ. संतोष कुमार महर्षि ने बताया कि जिला स्तर से लेकर ब्लॉक व पीईईओ स्तर तक प्रत्येक रैंकिंग इंडिकेटर पर समय-समय पर कार्रवाई और डेटा मॉनिटरिंग की गई। विभाग ने मुख्य रूप से स्टूडेंट्स की उपस्थिति, बुनियादी सुविधाएं सहित 4 महत्वपूर्ण संकेतकों पर सबसे ज्यादा फोकस किया। { विद्यार्थी उपस्थिति व सीबीए रिजल्ट : स्कूलों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और सीबीए परीक्षा परिणामों की निरंतर समीक्षा की गई। { शिक्षक एप व विजिट टारगेट : शिक्षकों द्वारा शिक्षक एप का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया गया। अधिकारियों के निरीक्षण के लक्ष्य पूरे किए गए। {बुनियादी सुविधाएं : स्कूलों में शौचालय व पेयजल उपलब्धता को मजबूत किया गया। {ओरल रीडिंग व एमईबी कार्य : ओरल रीडिंग फ्लुएंसी यानी बच्चों की किताब पढ़ने की क्षमता में सुधार किया। डीआरएम/ बीआरएम मिनट्स सबमिशन जैसे प्रशासनिक कार्यों का समय पर निस्तारण किया गया। माह प्रदेश में स्थान प्राप्त अंक सितंबर पहला 75.00 अगस्त चौथा 67.00 जुलाई सातवां 40.00 जून रैंकिंग जारी नहीं मई रैंकिंग जारी नहीं अप्रैल दूसरा 44.00