पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर खैरथल-तिजारा जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अतुल प्रकाश ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनाव कार्यक्रम, आचार संहिता, मतदान व्यवस्था और प्रत्याशियों के लिए नियमों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाएंगे। जिले की 7 पंचायत समितियों की 180 ग्राम पंचायतों और 1728 वार्डों में होने वाले चुनाव में करीब 5 लाख 46 हजार 345 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2,86,818 पुरुष और 2,59,527 महिला मतदाता हैं। मतदान के लिए जिले में 664 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए किशनगढ़बास व तिजारा में 3 नवंबर, जबकि मुंडावर, कोटकासिम, टपूकड़ा व ततारपुर में 14 नवंबर को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। दोनों चरणों की मतगणना 20 नवंबर को होगी। पंच-सरपंच के लिए मतदान क्रमशः 5 और 16 नवंबर को होगा तथा मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी। जिला परिषद सदस्य के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर है। संवीक्षा 14 और नाम वापसी 15 अक्टूबर को होगी। चुनाव खर्च की सीमा तय, 24 घंटे खुलेगा कंट्रोल रूम जिला परिषद सदस्य अधिकतम 3 लाख, पंचायत समिति सदस्य 1.50 लाख और सरपंच 1 लाख रुपए तक खर्च कर सकेंगे। लाउडस्पीकर के लिए लिखित अनुमति जरूरी होगी और रात 10 से सुबह 6 बजे तक इसका उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। चुनाव संबंधी शिकायतों और सूचनाओं के लिए 24x7 कंट्रोल रूम शुरू किया गया है। इसका नंबर 01460-298205 है। मतदाता पहचान के लिए वोटर आईडी के अलावा आधार, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट सहित 11 वैकल्पिक दस्तावेज मान्य होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव ड्यूटी में लगाए गए किसी भी कार्मिक का नाम किसी भी सूरत में ड्यूटी से नहीं हटाया जाएगा। संबंधित सभी कार्मिकों को अपनी निर्धारित जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।