सूमर| चीकली गांव में बिजली व्यवस्था को लेकर किसान परेशान हैं। स्कूल के पीछे करीब 10 दिन पहले बिजली का तार टूट गया। ग्रामीण राजेश्वर मीणा ने बताया कि सूचना विद्युत कार्मिक को दी गई। अब तक मरम्मत नहीं हुई। इससे दुर्गालाल, राधेश्याम, भीमराज, शोभाराम समेत करीब 20 किसानों के खेतों की बिजली व्यवस्था प्रभावित है। कृषि कार्य के दौरान बिजली नहीं मिलने से मजदूरों के पीने के पानी की व्यवस्था में भी परेशानी हो रही है। मीणा के अनुसार विद्युत कार्मिक ने तार में इंसुलेटर पंचर होने की बात कही है। कार्मिक ने इंसुलेटर लाकर तार ठीक करवाने के लिए कहा है। पास ही लगा एच-पोल भी पूरी तरह जर्जर हालत में है। ग्रामीणों के अनुसार पोल पहले से मरम्मत के सहारे चल रहा है। इसे बदलने के लिए करीब एक वर्ष पहले लिखित शिकायत दी गई थी। अब तक पोल नहीं बदला। ग्रामीणों ने जर्जर पोल से अनहोनी की आशंका जताई है। पोल जल्द बदलने की मांग की है। ग्रामीणों ने दोनों समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। जेईएन मनोहरलाल बैरवा ने बताया कि मामले की जांच कराकर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।