सवाई माधोपुर | नीमली खुर्द स्थित अरावली पर्वतमाला में विराजमान श्री सीता माता जानकी मैया के प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले मेले को लेकर सीता माता विकास समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्राम पंचायत जीनापुर के वरिष्ठजन, समिति अध्यक्ष भैरूलाल मीणा, प्रशासक राजेश मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक में मेले के आयोजन व व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। सीता माता विकास समिति के मीडिया प्रभारी मुकेश मीणा नीमली ने बताया कि 23 सितंबर को सुबह रामायण पूजन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। 24 सितंबर को रामायण का समापन होगा। इसी दिन सुबह 9 बजे झंडा पूजन किया जाएगा। शाम को वीरेंद्र सिंह धाभाई एडवोकेट की ओर से भजन संध्या आयोजित की जाएगी। 25 सितंबर को दिन में ग्राम पंचायत जीनापुर के प्रशासक राजेश मीणा की ओर से पद कन्हैया दंगल का आयोजन होगा। वहीं, शाम को मथुरापुर निवासी शंकरलाल मीणा की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। मेले के अंतिम दिन 26 सितंबर को माता के प्रांगण में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। सुबह 12 बजे से शुरू होने वाला भंडारा शाम तक चलेगा। इसके साथ ही मेले का समापन होगा। समिति पदाधिकारियों ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां करने पर भी चर्चा की।