अजमेर महिला जेल की जेलर दिव्या चौधरी को जिन दो महिला बंदियों से घर पर काम कराने में अरेस्ट किया गया, उन महिला बंदियों के मामले भी चौंकाने वाले हैं। दोनों महिला कैदियों ने प्रेमियों के साथ मिलकर हत्या की थी। एक महिला कैदी को उम्रकैद हो चुकी है और दूसरी महिला का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। दोनों महिला कैदी आखिर कौन है और किसकी हत्या की, क्यों की? पढ़ें दोनों बंदियों के मामले… पहले कहानी किरण की... पति की हत्या की थी अजमेर के भिनाय इलाके के उदयगढ़ खेड़ा गांव के देवेंद्र सिंह उर्फ चादूं की हत्या के मामले में पत्नी किरण जेल में है। 17 जनवरी 2023 की रात देवेंद्र सिंह खेत पर गेहूं की फसल की रखवाली करने गया था। वह खेत पर चारपाई पर सो रहा था। अगले दिन सुबह उसका बड़ा भाई खेत पर पहुंचा तो देवेंद्र के मुंह से खून निकल रहा था और गले पर चोट के निशान थे। हाथ-पैरों पर भी खून लगा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर सबूत जुटाए गए। हेमेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर हत्या का केस दर्ज किया गया था।
24 घंटे में खुला राज... पत्नी और प्रेमी निकले आरोपी भिनाय पुलिस ने 24 घंटे में हत्या का खुलासा कर दिया था। देवेंद्र की पत्नी किरण उर्फ सेठा और प्रेमी शैतान गुर्जर को 19 जनवरी 2023 को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की जांच के अनुसार- किरण और शैतान की करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ी तो देवेंद्र के घर भी शैतान आने-जाने लगा। वह देवेंद्र को विश्वास में लेकर उसके साथ शराब भी पीता था। बाद में देवेंद्र को दोनों के संबंधों का पता चला और उसने शैतान के घर आने का विरोध शुरू कर दिया था। पुलिस के अनुसार- इसके बाद शैतान और किरण ने देवेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। खेत में सो रहे पति की हत्या... पत्नी ने मुंह दबाया, प्रेमी ने गला पुलिस के अनुसार- 17 जनवरी की रात किरण ने शैतान को फोन कर बताया कि मेरा पति खेत पर सो रहा है। इसके बाद शैतान खेत पहुंचा। किरण भी वहां पहुंच गई। जांच में सामने आया कि शैतान ने देवेंद्र के ऊपर बैठकर उसका गला दबाया, जबकि किरण ने पति का मुंह दबाया। बचाव के दौरान देवेंद्र ने किरण की अंगुली दांतों से काट ली, लेकिन दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में किरण को कोर्ट से उम्रकैद की सजा हो चुकी है। अब कहानी सना की... पति की प्रेमिका बनकर घर पहुंची, महिला की हत्या का आरोप दूसरी महिला सना (22) अभी विचाराधीन बंदी है। वह डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना थाना क्षेत्र में विवाहिता रुबीना की हत्या के मामले में जेल में बंद है। डीडवाना-कुचामन के गोदावास इलाके में रुबीना की संदिग्ध परिस्थितियों में 24 जुलाई 2023 को मौत हो गई थी। रुबीना के भाई-भाभी उससे मिलने पहुंचे तो वह निढाल पड़ी थी। ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। परिजन शव को लेकर घर पहुंचे तो मृतका के भाइयों ने गले पर खरोंच के निशान देखे। उन्हें शक हुआ और शव को वापस मकराना के राजकीय उप जिला हॉस्पिटल ले जाया गया। इसके बाद शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। चार दिन बाद खुलासा... पति और उसकी प्रेमिका गिरफ्तार मकराना पुलिस ने 28 जुलाई 2023 को मामले का खुलासा किया था। पुलिस के अनुसार- रुबीना की हत्या उसके पति शैफ अली कुचामनिया भाटी और उसकी प्रेमिका सना ने मिलकर की थी। जांच के मुताबिक- शैफ अली और सना के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे। पुलिस के अनुसार शैफ अपनी पत्नी रुबीना पर लगातार तलाक देने का दबाव बना रहा था। 24 जुलाई 2023 को घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर सना रुबीना के पास पहुंची थी। इसके बाद उसने फोन कर शैफ को बुलाया। पुलिस के अनुसार- दोनों ने रुबीना से तलाक देने को कहा। रुबीना ने विरोध करते हुए कहा कि शादी करके इस घर में आई हूं तो यहीं से अर्थी उठेगी। पुलिस के मुताबिक- इसके बाद शैफ और सना ने मिलकर रुबीना का गला दबा दिया और वहां से फरार हो गए थे। मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। सना वर्तमान में अजमेर की महिला जेल में बंद है। अब जानिए- क्या था मामला दोनों बंदियों को जेल से बाहर ले जाने का आरोप उसी महिला जेल की तत्कालीन प्रभारी दिव्या चौधरी पर है। पुलिस के अनुसार- 12 जुलाई 2026 को दिव्या चौधरी दोनों बंदियों को अपनी निजी गाड़ी से जेल से बाहर ले गई थी। आरोप है कि दोनों को कोर्ट की बिना अनुमति और जेल रिकॉर्ड में जरूरी एंट्री के अपने फ्लैट पर ले जाया गया था। वहां दोनों से सफाई करवाई गई थी। मामले में जेल प्रहरी सोनिया चौधरी की भूमिका भी सामने आई है।
यह खबर भी पढ़ें... जिस जेल में जेलर थी, अब वहीं पर बंदी:महिला कैदियों से घर पर काम करवाया, निलंबित इंचार्ज गिरफ्तार; दो महीने से फरार चल रही थी अजमेर सेंट्रल जेल की दो महिला कैदियों से घर पर काम कराने वाली निलंबित जेलर दिव्या चौधरी को बुधवार को पुलिस ने कोटा से गिरफ्तार किया है। महिला जेलर दो महीने से फरार चल रही थी। (पूरी खबर पढ़ें)