जिला मुख्यालय पर 7 से 11 अक्टूबर तक महाराजा अग्रसेन की जयंती के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सोमवार को समाजबंधुओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में अग्र बंधुओं को निमंत्रण पत्र बांटे। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को सुबह 6.15 बजे गोगाजी मेला ग्राउंड में क्रिकेट प्रतियोगिता से होगा। इसके बाद 8 अक्टूबर को दोपहर 1.15 बजे से महिलाओं के लिए वन मिनट गेम, शाम 4.15 बजे से बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, शाम 5.30 बजे से हाऊजी महिला व पुरुष वर्ग तथा शाम 7.30 बजे से फैंसी ड्रेस 3 से 20 वर्ष आयु वर्ग का आयोजन किया जाएगा। 9 अक्टूबर को दोपहर 1.15 बजे नो गैस कुकिंग, शाम 4.15 बजे कलेक्ट द कॉइन, शाम 5.30 बजे म्यूजिकल चेयर और शाम 7.30 बजे डांडिया कार्यक्रम होगा। 10 अक्टूबर को दोपहर 1.15 बजे गिलास कलेक्शन, शाम 4.15 बजे जंपिंग रेस व बंधनवार सजाओ तथा सायं 6.15 बजे रस्सा-कस्सी 14 वर्ष से अधिक के पुरुष व महिला के लिए होगी। 11 अक्टूबर को सुबह 7.15 बजे प्रभात फेरी, 9.15 बजे ध्वजारोहण और सुबह 11.15 बजे रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 7 बजे पारितोषिक वितरण किया जाएगा। 11 अक्टूबर को शाम 3 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा धोली शक्ति दादी मंदिर से रवाना होकर चांदनी चौक स्थित अग्रसेन भवन पहुंचेगी।