भाड़ौती| सवाई माधोपुर के रणथंभौर स्थित त्रिनेत्र गणेशजी महाराज का लक्खी मेला 14 सितंबर से शुरू होगा। मेले को लेकर गणेश भक्तों में उत्साह है। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा कर त्रिनेत्र गणेशजी के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। पदयात्रियों की सेवा के लिए भाड़ौती सहित मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भंडारे लगाए जाएंगे। इसी तैयारी के तहत त्रिनेत्र गणपति रणथंभौर सेवा मंडल की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बुधवार से पांच दिनों तक नि:शुल्क भंडारा लगाया जाएगा। भंडारे में सुबह चाय और पकौड़ी दी जाएगी। दोपहर में पूरी, सब्जी, मिठाई की व्यवस्था रहेगी। यात्रियों के लिए शीतल जल, मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। गणेश भक्त राजू जैन ने बताया कि लक्खी मेले में हर साल लाखों श्रद्धालु पदयात्रा कर दर्शन के लिए आते हैं। सेवा मंडल के कार्यकर्ता पांच दिनों तक भोजन, पानी, अन्य व्यवस्थाओं में जुटे रहेंगे। बैठक में प्रशासक दीनदयाल मीणा, धनसिंह मीणा, सेवानिवृत्त कमिश्नर बबलू गर्ग, राजेंद्र जांगिड़, मुकेश, मोतीलाल, कैलाश सहित समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।