नेचर पार्क में शुक्रवार को जिला स्तर पर वनकर्मियों के बलिदान की याद में वन शहीद दिवस मनाया गया। इसके अलावा उपखंड मुख्यालयों व तालछापर अभयारण्य में भी कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर डीएफओ संदीप कुमार, एसीएफ मनीष कुमार, क्षेत्रीय वन अधिकारी महेश जाखड़ ने पार्क में बने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीद वनकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। डीएफओ संदीप कुमार ने वनकर्मियों व स्टाफ को पंच गौरव में शामिल एक जिला एक वनस्पति प्रजाति खेजड़ी के बारे बताया। उन्होंने अमृता देवी व उनके साथियों के बलिदान के बारे में बताते हुए खेजड़ी के संरक्षण का आह्वान किया। इस मौके पर पार्क में पौधे भी लगाए गए।