हिंदू महोत्सव आयोजन समिति की ओर से 25 सितंबर को गणपति विसर्जन शोभायात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा में शहर के विभिन्न गणपति पंडालों से करीब 50 गणेश प्रतिमाएं शामिल होंगी। धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षण शामिल किए जाएंगे। शोभायात्रा में पंजाब के प्रसिद्ध बैंड, खालसा ग्रुप की ओर से अखाड़ा एवं व्यायाम प्रदर्शन, उज्जैन के ढोल-नगाड़े, तोप व बैंड शामिल होंगे। हाथी, घोड़े, ऊंट और बग्घी भी शोभायात्रा का हिस्सा रहेंगे। मथुरा-दिल्ली के कलाकार श्रीराधा-कृष्ण और भगवान शिव-पार्वती की चल-चित्र झांकियां प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक झांकियां और आदिवासी नृत्य भी होंगे। शहर के प्रमुख मार्गों व चौराहों पर 100 से अधिक स्वागत द्वार और तोरण बनाए जाने की योजना है। शोभायात्रा के समापन पर नए तालाब पर सामूहिक महाआरती के बाद गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। शनिवार की बैठक की रूपरेखा और आगामी कार्ययोजना को लेकर शुक्रवार शाम अग्रवाल सेवा सदन में अनौपचारिक बैठक हुई। इसमें वीरेंद्र सिंह, संजय जैन, दिलीप मित्तल, पुखराज जैन, ईश्वर शर्मा, अनिल जैन, संदीप गुप्ता, डॉ. मुकेश बंसल, मनोज लालवानी, प्रेमचंद सुमन, डॉ. सुमित हाड़ा सहित आयोजन समिति से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे। आज होगी सभी गणपति मंडलों की बैठक: आयोजन को सुव्यवस्थित करने के लिए शनिवार दोपहर 1 बजे अग्रवाल सेवा सदन में सर्व हिंदू समाज की बैठक होगी। इसमें शहर के सभी गणपति मंडलों के प्रमुख कार्यकर्ता व समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में प्रतिमाओं के क्रम, मार्ग व्यवस्था, स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय व कार्ययोजना तय की जाएगी।