शहर के बड़ा बाग और एरियापति से जुड़ती श्रीनाथ विहार और पार्श्वनाथ विहार कॉलोनी के लोग लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। रहवासियों ने मंगलवार दोपहर नगर परिषद आयुक्त जितेंद्र मीना को ज्ञापन सौंपा। सफाई और सड़क की समस्याएं जल्द ठीक कराने की मांग की। रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र के नाले में काफी मात्रा में कचरा जमा है। सफाई कर्मचारी सफाई के बाद कचरा वहीं डाल देते हैं। गंदगी फिर फैल जाती है। दुर्गंध रहती है। मच्छरों की समस्या बनी रहती है। नाले की नियमित सफाई नहीं हो रही। नाले की दीवार भी क्षतिग्रस्त है। लोगों को परेशानी हो रही है। रहवासियों ने नाले की पूरी सफाई कराने, कचरा मौके से हटवाने, क्षतिग्रस्त दीवार का निर्माण कराने की मांग रखी। लोगों ने बताया कि एरियापति से श्रीनाथ विहार और बड़ा बाग से श्रीनाथ विहार जाने वाले दोनों मुख्य मार्गों की सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क की हालत खराब है। आवागमन में दिक्कत हो रही है। हादसे की आशंका बनी रहती है। रहवासियों ने कहा कि नगर परिषद चुनाव से पहले नगर परिषद ने ठेकेदार को टेंडर कॉपी दे दी थी। इसके बावजूद सड़क का काम शुरू नहीं कराया गया। यहां वाहन चलाना तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। इन्हीं समस्याओं को लेकर कॉलोनीवासियों ने ज्ञापन सौंपा।