मध्य प्रदेश की गुना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। मृगवास थाना पुलिस ने छबड़ा इलाके से आ रहे इन तस्करों को पकड़ा। उनके पास से 20.61 ग्राम स्मैक मिली, जिसकी कीमत करीब 2.10 लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल बाइक समेत कुल 3.10 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बिना नंबर की बाइक पर स्मैक लेकर सानई होते हुए बीनागंज जा रहे हैं। इस पर सानई चौकी पुलिस ने कुम्भराज-सानई रोड पर जयश्रीराम धर्मकांटे के पास नाकाबंदी कर दोनों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामराज मीना (19) और मनोज मीना (28) के रूप में हुई है। दोनों छबड़ा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर स्मैक के स्रोत व नेटवर्क की जांच की जा रही है।