हनुमानगढ़ में भाखड़ा रेगुलेशन कमेटी की बैठक हुई। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में किसान संगठनों और सिंचाई विभाग के अधिकारी शामिल हुए। कम बारिश के कारण डैम में पानी की कमी को देखते हुए किसानों से जौ और सरसों जैसी कम पानी वाली फसलें बोने की अपील की गई। बैठक में तय हुआ कि 15 दिसंबर तक 1200 क्यूसेक पानी दिया जाएगा। यह पानी एक सप्ताह बंद और एक सप्ताह चलाया जाएगा। इसके बाद पानी को 850 क्यूसेक किया जाएगा और तीन बारियां देने के बाद फिर 1200 क्यूसेक किया जाएगा। अंतिम बारी भी 1200 क्यूसेक के हिसाब से देने की बात कही गई। बीके-100 अध्यक्ष केसी गोदारा ने बताया कि सिंचाई विभाग पहले पानी की मात्रा घटाकर 850 क्यूसेक करना चाहता था, लेकिन किसानों के प्रयासों से 15 दिसंबर तक 1200 क्यूसेक पानी देने पर सहमति बनी। दिसंबर में अगली बैठक में आगे के पानी का फैसला होगा। भाखड़ा प्रोजेक्ट चेयरमैन मनप्रीत सिंह ने कहा कि डैम में पिछले सालों के मुकाबले पानी कम है। सरकार किसानों को ज्यादा से ज्यादा सिंचाई पानी देने की कोशिश कर रही है। किसानों की पिछली फसलें खराब होने से उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।