हनुमानगढ़ में युवा क्रांति एकता मिशन, पीड़ित एकता मंच राजस्थान और भीम आर्मी भारत एकता मिशन-रणजीतपुरा ने चेक माफिया के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान की एडीएम से अनुमति मांगी। उन्होंने शनिवार को पत्र सौंपकर रावतसर व आसपास की पंचायतों में महापंचायत व बैठकें करने की इजाजत मांगी। पत्र के अनुसार, रणजीतपुरा क्षेत्र में चेक माफिया व सूदखोरी से कई गरीब परिवार प्रभावित हैं। हर गांव-ढाणी में करीब 15-20 परिवार इस समस्या से परेशान हैं। पीड़ित 110 दिनों से जिला कलक्टर कार्यालय के सामने धरना दे रहे हैं। अभियान का मकसद ग्रामीणों को चेक माफिया व सूदखोरी के खिलाफ जागरूक करना है, ताकि वे ऐसे मामलों में फंसने से बचें और अपने अधिकारों को जानें। संगठनों ने कहा कि सभी बैठकें शांतिपूर्ण व कानून के हिसाब से होंगी। उन्होंने प्रशासन से हर पंचायत में महापंचायत व बैठक की अनुमति मांगी, ताकि पुलिस-प्रशासन को गलतफहमी न हो। संगठनों ने इस अभियान में सहयोग की मांग की।