हनुमानगढ़ के संगरिया थाना क्षेत्र के जंडवाला सिखान गांव में मजदूरी कर घर लौट रहे एक व्यक्ति पर ईंट से हमला किया गया। इस हमले में व्यक्ति के सिर में चोट आई और चार टांके लगे। घायल ने अपने पड़ोसी पर पुरानी रंजिश के चलते हमला करने का आरोप लगाया है। संगरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जंडवाला सिखान के वार्ड नंबर 7 निवासी केसरसिंह (47) पुत्र देवसिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। केसरसिंह मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका पड़ोसी छिंदा सिंह पुत्र दर्शन सिंह उनके परिवार से पुरानी रंजिश रखता है और अक्सर उनके घर में दखलंदाजी करता है। जब केसरसिंह ने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपी ने उन्हें धमकी भी दी थी। केसरसिंह के अनुसार 1 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह मजदूरी का काम खत्म कर घर लौट रहा था। रास्ते में छिंदा सिंह ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा। आरोपी ने उन्हें जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। हमले से उनके सिर से खून बहने लगा। उसकी चीख-पुकार सुनकर रास्ते से गुजर रहे लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने बीच-बचाव कर घायल केसरसिंह को बचाया। घायल केसरसिंह ने बताया कि सिर में चोट लगने के कारण उन्हें इलाज करवाना पड़ा और चार टांके आए। उनके बाएं हाथ की छोटी अंगुली पर भी चोट लगी है। पुलिस ने केसरसिंह की चोटों का निरीक्षण किया है। भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप कालवी को सौंपी गई है। पुलिस घटना के कारणों और दोनों पक्षों के बीच चल रही रंजिश की भी जांच कर रही है।