हनुमानगढ़ में 'ईट राइट' अभियान के तहत बुधवार को टाउन स्थित सेठ राधाकिशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें छात्राओं को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन, मिलावट की पहचान और स्वस्थ खान-पान की आदतों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा दल की टीम ने स्कूल में मिड-डे मील व्यवस्था जांची। टीम ने खाद्य सामग्री के भंडारण और स्टोर में रखे गेहूं आदि की जांच की। सभी व्यवस्थाएं ठीक पाई गईं। घर पर ही खाने में मिलावट जांचने के तरीके सिखाए टीम ने छात्राओं को घर पर ही खाने में मिलावट जांचने के आसान तरीके सिखाए। उन्हें बताया गया कि खाद्य उत्पाद खरीदते समय लेबल, बनने और खत्म होने की तारीख जैसी जानकारी जरूर पढ़ें। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि अभियान का मकसद बच्चों और आम लोगों को सुरक्षित भोजन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बालिकाओं से अपील की कि वे खुद जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी मिलावट से बचाव के लिए प्रेरित करें।