हनुमानगढ़ के कोहला में मंगलवार को एक निजी स्कूल की बाल वाहिनी से कुचलकर पांच साल की छात्रा दीपिका की मौत हो गई। दीपिका राजकीय स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान स्वामी विवेकानंद विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक स्कूल की बस की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। तेज रफ्तार और लापरवाही का आरोप घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल बस तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी। बस के टायर तले कुचलने से दीपिका की मौत हुई। ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय बस में हेल्पर भी मौजूद नहीं था। कलेक्टर को ज्ञापन, सुरक्षा जांच की मांग घटना के अगले दिन बुधवार को कोहला के ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिले के सभी निजी स्कूलों और बाल वाहिनियों में सुरक्षा मानकों की जांच कराने तथा सामने आने वाली कमियों को दूर करने की मांग की। CCTV समेत जरूरी व्यवस्थाएं अनिवार्य करने की मांग ग्रामीणों ने मांग की कि सभी बाल वाहिनियों में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। इनमें सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य जरूरी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उनका कहना है कि स्कूल बसों में लापरवाही के कारण ऐसे हादसे दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कमेटी बनाकर स्कूल बसों की जांच की मांग ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से एक कमेटी गठित कर सभी निजी स्कूलों और उनकी बाल वाहिनियों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बसों की स्थिति, सुरक्षा इंतजाम और नियमों के पालन की जांच कर कमियां समय रहते दूर की जाएं, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।