हनुमानगढ़ नगरपरिषद के सभापति चुनाव से ठीक पहले निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल की गिरफ्तारी से जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सीआईडी-सीबी और पुलिस की स्पेशल क्राइम ब्रांच की टीम ने विधायक को हनुमानगढ़ से बीकानेर जाते समय हिरासत में लिया। पू छताछ और कार्रवाई के बाद उनकी गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। मामला वर्ष 2003 में जारी हुए कथित फर्जी पट्टों से जुड़े पुराने प्रकरण का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार इस मामले में विधायक गणेशराज बंसल, उनकी पत्नी और अन्य लोगों के खिलाफ हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में 2 अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। सीआईडी-सीबी के एएसपी सतपाल सिंह ने विधायक और उसकी पत्नी को नोटिस देकर मामले में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया था। इसके बाद हुई कार्रवाई में उन्हें बीकानेर जाते समय हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई। सभापति चुनाव से ठीक पहले हुई कार्रवाई विधायक की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब हनुमानगढ़ नगरपरिषद में सभापति पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। नगरपरिषद के 60 वार्डों के परिणाम में भाजपा के 15, कांग्रेस के 10 और विधायक समर्थित निर्दलीय 32 पार्षदों के रूप में बड़ी संख्या में जीत हुई है। रिपोर्टों के अनुसार विधायक खेमे ने सभापति पद के लिए मंजू रणवां को उम्मीदवार बनाया है। सभापति पद के लिए मतदान 21 सितंबर को होना प्रस्तावित है। मुकदमों की खबर के बाद समर्थकों ने घेरा थाना विधायक पर दर्ज हुए मुकदमों की खबर सामने आते ही उनके समर्थक जंक्शन में जुट गए। अग्रसेन भवन में सभा के बाद समर्थकों ने पैदल मार्च करते हुए जंक्शन पुलिस थाने का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में निर्दलीय पार्षद और समर्थक मौजूद रहे। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए थाने के बाहर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की थी। वहीं माकपा ने भी विरोध प्रदर्शन किया था। समर्थकों ने आरोप लगाया कि विधायक खेमे से जुड़े पार्षदों और व्यापारियों पर अलग-अलग विभागों की कार्रवाई के जरिए दबाव बनाया जा रहा है। अधिकारियों से वार्ता के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन थाने के बाहर बढ़ते विरोध के बीच एसडीएम रवि कुमार और डीएसपी मीनाक्षी सहारण मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। डीएसपी ने सभापति और उपसभापति चुनाव निष्पक्ष माहौल में कराने और किसी पार्षद को परेशान नहीं किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद समर्थकों ने थाना घेराव समाप्त कर दिया। इधर कल दिनभर होती रही चर्चा इस पूरे घटनाक्रम के बीच हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय से लेकर जिले भर में कई चर्चाए होती है। शनिवार देर रात होते होते विधायक को सीआईडी-सीबी टीम द्वारा डिटेन करने की खबर आई। जिसके बाद रात्रि को ही पोस्टर और सोशल मीडिया पोस्ट आनी शुरू हो गई। रविवार को भी प्रदर्शन की घोषणा कर दी गई। आज भारत माता चौक पर किया प्रदर्शन विधायक गणेश राज बंसल की गिरफ्तारी की सूचना आने के बाद रविवार को विधायक समर्थकों में आक्रोश फेल गया। जिसके बाद आक्रोशित समर्थकों ने भारत माता चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को माकपा ने भी समर्थन दिया। माकपा नेताओं ने भी भारत माता चौक पहुंचकर विरोध जताया।