हनुमानगढ़ के जंक्शन स्थित शंकर नगर कॉलोनी में गेट दोबारा लगवाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी एक उंगली कटकर अलग हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए श्रीगंगानगर रेफर किया गया है। जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शंकर नगर कॉलोनी, वार्ड नंबर 18 निवासी आशीष नारंग (45) पुत्र ओमप्रकाश नारंग ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे कॉलोनी में गेट दोबारा लगवाने को लेकर पंचायत हुई थी। इसमें कॉलोनी के 30-40 लोग मौजूद थे। पंचायत में तय स्थान पर गेट लगवाने को लेकर सहमति बन गई थी। इसके बाद शाम करीब 5.30 बजे मिस्त्री और कॉलोनी के लोग गेट लगाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान दिनेश बंसल और उनकी पत्नी मीनू बंसल ने मौके पर आकर विवाद शुरू कर दिया। समझाने के बावजूद वे नहीं माने। झगड़े के दौरान विनोद बंसल और उनकी पत्नी ने अंकुर मुंजाल पुत्र अविनाश मुंजाल पर हमला कर दिया। आरोपियों के पास चाकू भी थे। इस हमले में अंकुर मुंजाल की एक उंगली कटकर अलग हो गई। अंकुर मुंजाल को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार अंकुर मुंजाल के पिता का निधन हो चुका है और वह शिकायतकर्ता आशीष नारंग का पड़ोसी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक लालचंद को सौंपी गई है। पुलिस घटना के संबंध में आरोपों की जांच कर रही है।