भास्कर न्यूज | बाड़मेर अणुव्रत समिति बाड़मेर के तत्वाधान में स्थानीय स्कूल नंबर 4 बाड़मेर में अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के प्रथम दिवस अणुव्रत प्रेरणा एवं अणुव्रत गीत महासंगान दिवस मनाया गया नेतृत्व अध्यक्ष पवन संखलेचा नमन ने किया। संचालन शंकुतला जैन पिंकी ने किया। सोशल मीडिया प्रभारी मुकेश बोथरा भाईपा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों की ओर से मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया गया। अणुव्रत गीत का संगान किया गयाञ अतिथियों का सम्मान अणुव्रत उपरना व स्मृति चिन्ह से किया गया। अणुव्रत समिति अध्यक्ष पवन संखलेचा नमन ने स्वागत भाषण दिया एवं आचार संहिता पढ़ी। मुख्य अतिथि डॉ. गोवर्धनसिंह जहरीला ने अणुव्रत का आशय समझाते हुए कहा कि अणुव्रत के सूक्ष्म व्रतों व नियमों से जीवन सुधर जाता है। भव से पार होने का रस्ता सुगम हो जाता है। अणुव्रत की आचार संहिता के संयम, अहिंसा और संस्कारों के पालन करने से दिलों दिमाग से अज्ञान की परत हट जाती है। जीवन सफल हो जाता है। प्रधानाचार्य सेणीदान चारण ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार जरूरी है जिसके लिए अणुव्रत के नियम अपनाकर हम महानता की ओर पहुंच सकते हैं। विशिष्ट अतिथि किशन बोहरा ने कहा कि अणुव्रत कुसंस्कार से सुसंस्कारों की ओर लेकर जाता है। इसी प्रकार मुकेश बोहरा ने अणुव्रत के कार्यक्रमों की अनुमोदना की। गिरधारी लाल सिंघवी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।