जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से चंडीगढ़ जाने वाले हवाई यात्रियों के लिए राहत की खबर है। इंडिगो एयरलाइन की ओर से दोनों शहरों के बीच हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए नई फ्लाइट शुरू की जाएगी। इससे यात्रियों को सुबह और शाम के अलावा दोपहर में भी हवाई सफर करने का विकल्प मिलेगा। नई फ्लाइट शुरू होने के बाद जयपुर से चंडीगढ़ के बीच हर दिन संचालित होने वाली उड़ानों की संख्या बढ़कर तीन हो जाएगी। जयपुर से दोपहर में भरेगी उड़ान इंडिगो की फ्लाइट 6E-7516 जयपुर से दोपहर 1:15 बजे चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेगी। वापसी में फ्लाइट 6E-7517 चंडीगढ़ से शाम 4:15 बजे जयपुर पहुंचेगी। इस नई सेवा के शुरू होने से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को दिन के समय भी हवाई यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा। खासकर ऐसे यात्रियों को सुविधा मिलेगी, जिन्हें सुबह जल्दी या देर शाम की फ्लाइट के बजाय दोपहर के समय यात्रा करना ज्यादा सुविधाजनक लगता है। सुबह, दोपहर और शाम को मिलेगी फ्लाइट की सुविधा जयपुर और चंडीगढ़ के बीच हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से यात्रियों को यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। अभी तक इस रूट पर यात्रियों को सीमित समय के विकल्पों के अनुसार अपनी यात्रा तय करनी पड़ती थी। नई फ्लाइट शुरू होने के बाद सुबह, दोपहर और शाम के समय उड़ान उपलब्ध होने से यात्रियों के पास ज्यादा विकल्प होंगे। इससे व्यावसायिक कामकाज, सरकारी बैठकों, पर्यटन और निजी यात्राओं के लिए दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिल सकती है।